केबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा पेटलावद की ग्राम पंचायत मूलथानिया में तालाब के गहरीकरण का शुभारम्भ किया।
#JhabuaHulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
जिले के पेटलावद की ग्राम पंचायत मूलथानिया में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान द्वारा सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ग्रामवासियों द्वारा अतिथियों का पुष्प हार से स्वागत किया गया।
केबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि आज हम तालाब का गहरीकरण करने के लिए उपस्थित हुए है हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल संवर्धन अभियान की शुरूआत की है और पुरे प्रदेश की जनता से यह आव्हान किया है की अधिकारी ,कर्मचारी, आम जनता, जनप्रतिनिधि सब मिलकर के हम हमारे प्रदेश को, जिले को, गाँव, फलिए में जिस तरह से जल को बचा सकते है, जल को बचाना है। पृथ्वी पर जल की कमी को देखते हुए जल संवर्धन आवश्यक हो गया है। यही वो समय है बारिश से पहले का जब हम जल स्त्रोतों की सफाई, तालाबों का गहरीकरण कर जल को संरक्षित कर सकते है। वर्षा के जल को ज्यादा से ज्यादा संरक्षित कर उसका उपयोग हमारे किसान भाई कर सके। तालाब की मिट्टी किसान ले जाकर के अपने खेतों में डालते है, यह काम हम सब को मिलकर करना चाहिए। जल संरक्षण के इस कार्य में सभी सहभागिता आवशयक है साथ ही जिले में जहाँ भी विकास कार्य हो रहे है मै विकास के कार्यो में कमी नहीं आने दूंगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान द्वारा बताया गया कि जिले में 5 जून 2024 से देवझिरी में प्रतीकात्मक शुभारंभ किया गया था।अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद अनिल कुमार राठौर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजेश दीक्षित द्वारा पेटलावद ब्लॉक के बारे में बताते हुए कहा कि विकासखण्ड पेटलावद की 77 ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण का कार्य किया जा रहा, पर्यावरण संरक्षण हेतु 3 जगह सीड बाल का कार्य भी किया जा रहा है। इसके पश्चात् ढोल मांदल के साथ महिलाओ द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। केबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा तालाब का गहरीकरण का विधिवत पूजन कर शुभारम्भ किया गया एवं सभी के द्वारा श्रमदान भी किया गया।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास अधिकारी राधुसिंह बघेल, नायब तहसीलदार विपिन उपाध्याय, अधिकारी कर्मचारी, जन अभियान परिषद के सदस्य, पंच-सरपंच एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।