कीटनाशक विक्रय प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण में अनियमितता, लाइसेंस निलंबित।

#JhabuaHulchul
झाबुआ@डेस्क।वर्तमान समय में जिले के किसान आगामी खरीफ मौसम की तैयारी में जुटे हुए हैं। किसानों को गुणवत्ता युक्त कृषि आदान सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर नेहा मीना द्वारा राजस्व और कृषि विभाग के संयुक्त दल का गठन किया गया है। यह दल सतत निरीक्षण और नमूने संकलित करने का कार्य कर रहा है।
उप संचालक किसान कल्याण और कृषि विकास, जिला झाबुआ, श्री एन. एस. रावत ने भी जिले के विभिन्न विकासखंडों का दौरा किया और कृषि आदान गुण नियंत्रण को गंभीरता से लिया। पेटलावद विकासखंड अंतर्गत सारंगी के कीटनाशक विक्रेता प्रतिष्ठान/फर्म न्यू सांवरिया किसान बाजार में अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से कीटनाशक विक्रय हेतु जारी लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया। इसी प्रकार करवड़ में संचालित कीटनाशक विक्रेता प्रतिष्ठान/फर्म राधिका कृषि सेवा केंद्र का भी अनियमितताओं के चलते लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
कृषि विभाग जिले के किसानों से आग्रह करता है कि वे उच्च गुणवत्ता युक्त कृषि आदान केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही क्रय करें और पक्का बिल अवश्य लें। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी क्षेत्र के मैदानी अमलों, कृषि कार्यालय या कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।