पेटलावद
नई बस्ती नहारपुरा स्कूल में 129 बच्चों पर एक शिक्षक, वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश…

पेटलावद डेस्क। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार पेटलावद विकासखंड के शासकीय विद्यालयों का शुक्रवार 31 जुलाई को खंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) रेखा गिरी स्वामी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, अपार आईडी, विद्यालय भवन की स्थिति, बच्चों के शैक्षणिक स्तर एवं शाला रिकॉर्ड का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय नई बस्ती नहारपुरा में 129 बच्चों पर केवल एक शिक्षक पाए जाने का मामला सामने आया। विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका भावना देवदा 22 जून 2026 से मेडिकल अवकाश पर हैं, लेकिन इसकी सूचना बीआरसी कार्यालय को नहीं दिए जाने की बात सामने आई। निरीक्षण के समय शिक्षक धीरजी भाबोर एक ही कक्ष में कक्षा चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे, जबकि कक्षा पहली से तीसरी तक के बच्चों के लिए कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीआरसी रेखा गिरी स्वामी ने संबंधित जन शिक्षक को तत्काल वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही अवकाश की सूचना कार्यालय को नहीं दिए जाने के मामले में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बीआरसी द्वारा शासकीय निनामाफलिया नहारपुरा, प्राथमिक विद्यालय नहारपुरा एवं प्राथमिक विद्यालय नई बस्ती नहारपुरा का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर कमजोर पाया गया। शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि 15 दिनों में बच्चों को किताब पढ़ने में दक्ष बनाया जाए।
बीआरसी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। विद्यालयों में नियमित रूप से आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

