Welcome to झाबुआ हलचल   Click to listen highlighted text! Welcome to झाबुआ हलचल
झाबुआथांदला

कल थांदला से गूंजेगा विकास का बिगुल…मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देंगे ₹300 करोड़ का ऋण, ₹283 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की करेंगे सौगात…

झाबुआ@आयुष पाटीदार

31 जुलाई 2026 को शासकीय महाविद्यालय कॉलेज ग्राउंड, थांदला में प्रदेश स्तरीय “स्व-सहायता समूहों का क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री प्रदेशभर के स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए ₹300 करोड़ के ऋण का वितरण करेंगे। यह कार्यक्रम महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, ग्रामीण आजीविका, स्वरोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण को नई गति देने वाला साबित होगा।

प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से करेंगे सीधा संवाद…

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम के दौरान प्राकृतिक खेती करने वाले एवं उन्नत किसानों से संवाद करेंगे। वे किसानों के अनुभव सुनेंगे तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं और नवाचारों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। इससे किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ खेती के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।

जिले को मिलेगी विकास की बड़ी सौगात…

मुख्यमंत्री अपने थांदला प्रवास के दौरान जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। वे ₹174.64 करोड़ की लागत से होने वाले 29 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे, वहीं ₹109.17 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए 28 विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत संरचना, जनसुविधाओं और विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।

215 स्व-सहायता समूहों को मिलेगा ₹10.08 करोड़ का ऋण, कई योजनाओं के हितग्राही होंगे लाभान्वित..

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिले के 215 स्वयं सहायता समूहों को ₹10.08 करोड़ का ऋण वितरित किया जाएगा। इसके अलावा पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, म.प्र. आदिवासी वित्त एवं विकास निगम द्वारा भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, तथा PMFME योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया जाएगा।

साथ ही जिले के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, किसान कल्याण विभाग द्वारा कृषकों को हेलमेट वितरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत हितलाभ भी प्रदान किए जाएंगे।

आजीविकानो मेला’ बनेगा आकर्षण का केंद्र…

कार्यक्रम स्थल पर आयोजित होने वाला “आजीविकानो मेला” लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं, स्थानीय उत्पादों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, पोषण, औषधीय पौधों, जनजातीय परंपराओं तथा स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री इन स्टॉलों का अवलोकन कर स्व-सहायता समूहों एवं विभागों की गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।

जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। अब पूरे जिले की निगाहें 31 जुलाई के इस प्रदेश स्तरीय आयोजन पर टिकी हैं, जहां थांदला एक बार फिर पूरे प्रदेश के केंद्र में रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!