हरिनगर के समीप वट्ठा पुल पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जिम्मेदार विभाग की अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी….
हरिनगर@मुकेश परमार
थांदला-लिमड़ी मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर हरिनगर के समीप स्थित वट्ठा पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई है। हैरानी की बात यह है कि इस पुलिया का निर्माण करीब दो महीने पहले ही हुआ था, लेकिन इतनी कम अवधि में रेलिंग टूटने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पुल से गुजरते समय कई बार वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार होते-होते बचते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बॉम्बे एक्सप्रेसवे बंद होने के कारण इस मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, ऐसे में पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की रेलिंग टूटने से वाहन चालकों की सुरक्षा खतरे में है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि वट्ठा पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि आवागमन करने वाले लोगों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!