खवासा
जल आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को खवासा नगर बंद का ऐलान,,,सोमवार से अनिश्चितकालीन धरने पर डटे ग्रामीण,,,माही-नर्मदा का पानी लाने की मांग को लेकर महिलाएं, किसान और युवा आंदोलन में शामिल,,,अब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा…!

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
मां नर्मदा और माही नहर का पानी खवासा नगर सहित आसपास के गांवों तक पहुंचाने की मांग को लेकर क्षेत्र में जल आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ महिलाएं, किसान और युवा भी शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
धरना स्थल पर आंदोलनकारी दिन-रात डटे हुए हैं। कड़कड़ाती ठंड में भी खुले आसमान के नीचे रात गुजारकर ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में वर्षों से पेयजल और सिंचाई की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों की मांग है कि माही या मां नर्मदा नहर का पानी खवासा सहित आसपास के गांवों तक पहुंचाया जाए।
शुक्रवार को नगर बंद का ऐलान
जल आंदोलन को अब व्यापारियों का भी समर्थन मिल गया है। व्यापारी संघ ने आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को खवासा नगर बंद रखने का ऐलान किया है। इससे आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिलने की उम्मीद है। नगर बंद के माध्यम से व्यापारी भी पानी की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ एकजुटता दिखाएंगे।
धरना जारी, अब तक नहीं पहुंचे कोई वरिष्ठ अधिकारी
सोमवार से लगातार धरना जारी रहने के बावजूद अभी तक कोई वरिष्ठ अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है। इसे लेकर आंदोलनकारियों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब क्षेत्र की जनता पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्या को लेकर दिन-रात धरने पर बैठी है, तो जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध लेने कब पहुंचेंगे…?
फिलहाल खवासा में जल आंदोलन लगातार जारी है। अब देखना होगा कि प्रशासन और सरकार इस जनआंदोलन को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्षेत्रवासियों को पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए कब ठोस पहल करते हैं।





