रायपुरिया

दीपोत्सव से पहले रायपुरिया में ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी नदारद, जाम की आशंका से लोग चिंतित…..

रायपुरिया@राजेश राठौड़

शुक्रवार से पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व की शुरुआत होने जा रही है। त्योहार को लेकर रायपुरिया का बाजार सजकर तैयार है। वहीं, रोजगार के लिए पलायन पर गए मजदूर भी अब अपने गांवों की ओर लौटने लगे हैं। ऐसे में आगामी पांच दिनों तक बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ने और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसके बावजूद रायपुरिया में अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कोई ठोस तैयारी दिखाई नहीं दे रही है।

रायपुरिया का सबसे व्यस्त मार्ग सारंगी जामली-रायपुरिया मार्ग है, जहां आए दिन 5 से 10 मिनट के अंतराल में जाम की स्थिति बन जाती है। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दीपोत्सव के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो सकती है।

दूसरी ओर, झाबुआ रोड स्थित पुल पर दोनों तरफ सब्जी की दुकानें लगने से आवागमन प्रभावित होता है। यह मार्ग गुजरात की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी महत्वपूर्ण है। बायपास मार्ग का निर्माण कार्य जारी होने के कारण वर्तमान में इसी मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक है। ऐसे में पुल पर लगने वाली दुकानों से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

गौरतलब है कि दीपावली के मद्देनजर अन्य स्थानों पर पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही हैं, लेकिन रायपुरिया में फिलहाल ऐसी कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन त्योहार के दौरान जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनने का इंतजार कर रहा है? स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से दीपोत्सव शुरू होने से पहले यातायात व्यवस्था बनाने, प्रमुख चौराहों पर पुलिस जवान तैनात करने मांग की है, ताकि आमजन और वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!