खवासा
नन्हे कदम, बड़ी पहल… रंगोलियों से सजाए मंदिर व सार्वजनिक स्थल, वरिष्ठजनों को दी दीपावली की शुभकामनाएं,,,रंगोलियों के साथ नगर में फैलाया जागरूकता का उजियारा, विद्यार्थियों ने निकाली मंगल यात्रा…

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
दीपावली के पावन पर्व पर न्यू हाइट पब्लिक स्कूल द्वारा नगर में एक अनूठी एवं प्रेरणादायी पहल की गई। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और उत्साह से नगर के प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक रंगोलियों से सजाया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल दीपावली की खुशियां बांटी, बल्कि स्वच्छता, धार्मिक आस्था, सेवा संकल्प, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा हनुमान मंदिर, राम मंदिर, रोग्या देवी मंदिर, पंचायत भवन एवं एसबीआई बैंक परिसर में आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। वहीं पंचायत भवन पर विकसित भारत की थीम पर बनाई गई रंगोली ने देश के विकास, प्रगति और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया।
बच्चों ने दिया संस्कारों से सजी दीपावली मनाने का संदेश
दीपावली के उत्सव के साथ विद्यालय के विद्यार्थियों ने सामाजिक जागरूकता की जिम्मेदारी भी निभाई। बच्चों ने नगरवासियों एवं अन्य बच्चों को जागरूक करते हुए अपील की कि दीपावली का पर्व शांति, सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाएं। अनावश्यक शोर-शराबे से बचें तथा ऐसे पटाखे नहीं फोड़ें, जिन पर देवी-देवताओं के चित्र अंकित हों।
विद्यार्थियों ने अपनी इस पहल के माध्यम से संदेश दिया कि दीपावली केवल रोशनी और आतिशबाजी का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, धार्मिक आस्था, आपसी प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का पर्व भी है।

मंगल यात्रा के माध्यम से वरिष्ठजनों एवं अभिभावकों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
दीपावली के पावन अवसर पर न्यू हाइट पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा नगर में ‘मंगल यात्रा’ निकाली गई। इस मंगल यात्रा के माध्यम से नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर वरिष्ठजनों एवं अभिभावकों से आत्मीय मुलाकात की तथा उन्हें दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





