सारंगी
बीआरसी ने सात विद्यालयों का किया आकस्मिक निरीक्षण, कम छात्र उपस्थिति पर पालकों से संपर्क के निर्देश…

सारंगी@संजय उपाध्याय
झाबुआ कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री रितिका पाटीदार के मार्गदर्शन में शनिवार को खंड स्त्रोत समन्वयक (बीआरसी) श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने कन्या हाई स्कूल सारंगी संकुल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, मूलभूत सुविधाओं तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति का जायजा लिया गया।
बीआरसी द्वारा एकीकृत माध्यमिक विद्यालय डाबड़ी, प्राथमिक विद्यालय कचनारिया, प्राथमिक विद्यालय सारंगी, कन्या हाई स्कूल सारंगी, एकीकृत माध्यमिक विद्यालय सारंगी, प्राथमिक बालक विद्यालय सारंगी एवं प्राथमिक विद्यालय रूपारेल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित पाए गए, हालांकि कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति काफी कम मिली। इस पर संस्था प्रमुखों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कम उपस्थिति वाले बच्चों के पालकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में कुछ विद्यालयों में SMC एवं PTA बैठकों के रजिस्टर अपूर्ण पाए गए। इस पर संबंधित संस्था प्रमुखों को रजिस्टर तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन शासन द्वारा निर्धारित मीनू के अनुसार एवं गुणवत्तापूर्ण उपलब्ध कराने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।
जिन विद्यालयों में बाउंड्री वॉल अथवा अतिरिक्त भवन की आवश्यकता है, वहां आवश्यकतानुसार मांग पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार जिन संस्थाओं में पेयजल, विद्युत लाइट एवं पंखों की कमी है, वहां SMC मद से आवश्यक व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक बालक विद्यालय सारंगी में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इस मामले में संबंधित एजेंसी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जिन विद्यालयों में शौचालय उपलब्ध नहीं हैं, वहां शौचालय निर्माण के लिए मांग पत्र प्रस्तुत करने तथा जिन विद्यालयों में शौचालय उपलब्ध हैं, वहां नियमित रूप से साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संस्था प्रमुखों को दिए गए।
बीआरसी श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने FLN अभ्यास पुस्तिकाओं को नियमित रूप से भरवाने एवं उनकी जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से पुस्तक पढ़ना सिखाने और उनकी बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।





