पेटलावद
TET परीक्षा के विरोध में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों ने किया विरोध प्रदर्शन…शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध…

पेटलावद डेस्क। शिक्षक दिवस के अवसर पर पेटलावद क्षेत्र के विभिन्न शासकीय स्कूलों में शिक्षकों ने सरकार द्वारा लागू की जा रही TET परीक्षा के विरोध में प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया और TET परीक्षा को लेकर नाराजगी जताई।
शिक्षकों का कहना है कि वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों पर दोबारा TET परीक्षा लागू किया जाना उचित नहीं है। इसी मांग को लेकर शिक्षक संगठनों के आह्वान पर शिक्षक दिवस के दिन भी शिक्षकों ने विरोध का रास्ता अपनाया। विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए अपनी मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया।
शिक्षकों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और शासन के निर्देशों के अनुसार शिक्षण कार्य कर रहे हैं। ऐसे में कार्यरत शिक्षकों के लिए TET परीक्षा की अनिवार्यता को लेकर उनमें असंतोष है। शिक्षकों ने शासन से मांग की कि इस परीक्षा को लेकर पुनर्विचार करते हुए कार्यरत शिक्षकों को इससे राहत दी जाए।
शिक्षकों का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने तक लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखा जाएगा। शिक्षक दिवस पर किए गए इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से शिक्षकों ने शासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया।





