कोरोना काल के बाद भी नहीं मानी हार, लगातार प्रयासों के दम पर हासिल किया मुकाम — सोशल मीडिया पर बधाइयों का दौर जारी….
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और लक्ष्य हासिल करने का जुनून हो, तो तमाम मुश्किलों के बावजूद सफलता की राह बनाई जा सकती है। इस कहावत को चरितार्थ करते हुए ग्राम खवासा के अभिषेक पिता मनोहर लाल पटेल ने MBBS में चयनित होकर परिवार, गांव का नाम रोशन किया है। अभिषेक की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है।
स्कूली शिक्षा से मेडिकल प्रवेश तक का सफर
अभिषेक ने अपनी शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत प्रोग्रेसिव एकेडमी, पेटलावद से की। इसके बाद कक्षा 3 से 9वीं तक की पढ़ाई हिमालया इंटरनेशनल स्कूल रतलाम से पूरी की। वहीं, कक्षा 10वीं से 12वीं तक की शिक्षा न्यू हाइट पब्लिक स्कूल, खवासा से उत्तीर्ण की। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद अभिषेक ने मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया और NEET परीक्षा की तैयारी में जुट गए।
पहले प्रयासों में नहीं मिली सफलता, फिर भी नहीं टूटा हौसला…
अभिषेक ने बताया कि कोरोना काल के दौरान दो साल तक कोचिंग करने के बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। हालांकि, शुरुआती असफलताओं ने उनके हौसले को कमजोर नहीं किया। उन्होंने अपनी कमियों को समझते हुए नए सिरे से तैयारी जारी रखी। वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के दौरान इंदौर की मेडिकेप्श यूनिवर्सिटी में BSC फॉरेंसिक साइंस से बीएससी की पढ़ाई के साथ-साथ NEET परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी।
लगातार मेहनत, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम आखिरकार वर्ष 2026 में सामने आया, जब अभिषेक ने NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर MBBS में प्रवेश का रास्ता तय किया।
वागोडिया के सुमनदीप विद्यापीठ में मिला प्रवेश….
अभिषेक ने ऑल इंडिया कोटे के माध्यम से MBBS यूजी पाठ्यक्रम के लिए वागोडिया, बड़ौदा स्थित सुमनदीप विद्यापीठ के धीरज हॉस्पिटल में प्रवेश प्राप्त किया है। उनकी यह उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है, जो लगातार प्रयास करने के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर निराश हो जाते हैं।
अभिषेक की सफलता यह संदेश देती है कि किसी लक्ष्य तक पहुंचने के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, धैर्य और असफलताओं से सीखने का जज्बा भी जरूरी है।
खवासा में खुशी की लहर, सोशल मीडिया पर मिल रही बधाइयां…
अभिषेक के MBBS में चयन की खबर सामने आते ही खवासा सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिवारजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का दौर जारी है।
ग्राम खवासा के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है। अभिषेक ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल परिवार का सपना साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है, बल्कि गांव को भी गौरवान्वित किया है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि अभिषेक भविष्य में एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे और अपनी इस सफलता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!