बामनिया
महिला किसानों की भागीदारी से पेटलावद ट्राइबल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की AGM संपन्न….

बामनिया@जीतेंद्र बैरागी
पेटलावद ट्राइबल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की वार्षिक आम सभा (AGM) शनिवार को आयोजित हुई। इसमें कंपनी की महिला शेयरधारक किसान, संचालक मंडल (BOD) के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम में आसा संस्था से श्री प्रीतेश जैन एवं संजय सर तथा PAPL से राहुल चावड़ा ने विशेष सहभागिता की। कृषि उपज मंडी बामनिया से कमल आर्य, राजू रावत एवं राफेल भूरिया सहित डॉ. अजहर कुरैशी, तरसीला मैडम, अन्नू निनामा मैडम एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने महिला किसानों को कृषि विकास, पशुपालन, महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार, कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
संजय सर ने बैंक की विभिन्न वित्तीय सेवाओं के साथ किसान एवं महिला उद्यमियों के लिए उपलब्ध ऋण और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने FPO की गतिविधियों को वित्तीय रूप से मजबूत करने तथा व्यवसाय विस्तार के लिए बैंकिंग सुविधाओं के बेहतर उपयोग पर भी मार्गदर्शन दिया।
AGM में कंपनी अध्यक्ष सुशीला वाडखीया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा एवं वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया। कंपनी की आय-व्यय, व्यवसायिक गतिविधियों एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी शेयरधारकों के समक्ष रखी गई। आगामी कार्ययोजना एवं व्यवसाय विस्तार को लेकर BOD और शेयरधारक सदस्यों के साथ चर्चा हुई।
बैठक में कृषि उपज की सामूहिक खरीद-बिक्री, बेहतर बाजार व्यवस्था और किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। PAPL टीम ने किसानों एवं शेयरधारकों को अपनी कृषि उपज FPO के माध्यम से बेचने तथा डिजिटल बैंक भुगतान अपनाने के लिए प्रेरित किया।अंत में महिला किसानों की अधिक से अधिक भागीदारी के साथ सामूहिक उत्पादन, व्यवसाय, विपणन एवं मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। उपस्थित अतिथियों ने शेयरधारक सदस्यों से सक्रिय भागीदारी कर FPO को मजबूत, सक्रिय एवं आत्मनिर्भर महिला किसान उत्पादक कंपनी बनाने में सहयोग की अपील की।


