रायपुरिया

रायपुरिया में बिजली की आवाजाही से ग्रामीण परेशान, 10-15 दिनों से जारी है आंख-मिचौली…

रायपुरिया@राजेश राठौड़ 

क्षेत्र में इन दिनों बिजली की आवाजाही और आंख-मिचौली से ग्रामीण काफी परेशान हैं। पिछले 10-15 दिनों से लगातार यही क्रम चल रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि दिनभर में करीब 6 से 7 बार बिजली के आने-जाने का सिलसिला बना रहता है।

रात्रि में बढ़ती हैं मुसीबतें:

शाम होते ही बिजली गायब हो जाती है और इसके आने का कोई निश्चित समय नहीं रहता, जिससे उपभोक्ताओं को भारी अनिश्चितता का सामना करना पड़ता है। रात्रि के समय आधे-आधे घंटे की लगातार कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस स्थिति में एक तरफ जहां मच्छरों का भयंकर प्रकोप झेलना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ सुबह 10 बजे के बाद गर्मी का पारा तेजी से बढ़ जाता है, जिससे लोग खासे परेशान हैं।

बिना सिंचाई के ही बिगड़े हालात:

खास बात यह है कि अभी रबी की फसल की बोवनी भी शुरू नहीं हुई है और न ही खेतों में सिंचाई का कोई कार्य आरंभ हुआ है, इसके बावजूद ग्रामीण इलाकों में बिजली की इस तरह की आंख-मिचौली शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से इस समस्या का जल्द से जल्द संज्ञान लेकर बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!