रायपुरिया
रायपुरिया में विनायक मित्र मंडल ने किया भव्य कन्या भोज आयोजित, महिला प्रशासनिक अधिकारियों ने की शिरकत…

रायपुरिया@राजेश राठौड़
रायपुरिया में विनायक मित्र मंडल द्वारा एक भव्य कन्या भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन की शुरुआत भगवान गणेश की आरती और पूजन के साथ हुई। कार्यक्रम में क्षेत्र की प्रमुख महिला प्रशासनिक अधिकारियों ने विशेष रूप से शिरकत की, जिनमें एसडीएम रितिका पाटीदार, एसडीओपी अनुरक्ति सबनानी, बीआरसी रेखा गिरी और थाना प्रभारी गीता जाटव शामिल थीं। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से गणेश पूजन और कन्याओं का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

2100 से अधिक कन्याओं ने किया प्रसाद ग्रहण
विनायक मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस विशाल भोज में रायपुरिया नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में कन्याएं शामिल हुईं। मंडल के कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से कुल लगभग 2100 कन्याओं को श्रद्धा के साथ भोजन कराया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं।
महिला अधिकारियों का हुआ आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम के दौरान महिला मित्र मंडल द्वारा उपस्थित सभी चारों प्रतिष्ठित अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अधिकारियों को गले में गमछा पहनाकर और राधा-कृष्ण का सुंदर चित्र भेंट किया गया। विनायक मित्र मंडल और कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के इस कार्यक्रम में शामिल होने पर आभार व्यक्त किया, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ गई।




