सारंगी@संजय उपाध्याय
सारंगी चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती एक दुस्साहसिक घटना सामने आई है, जहाँ चोरों ने पेट्रोल पंप के पास स्थित तीन दुकानों को एक साथ अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने हार्डवेयर दुकान, पंडित ऑटो पार्ट्स और मोटर वाइंडिंग सेंटर के मजबूत लोहे के शटर नीचे से उखाड़ दिए और दुकानों के अंदर रखा सामान व नकदी बटोर कर चंपत हो गए। सुबह जब आसपास के लोगों और दुकानदारों ने टूटे हुए शटर देखे, तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया देखते ही देखते मौके पर व्यापारियों का जमावड़ा लग गया। मुख्य मार्ग जैसे अति-व्यस्त स्थान पर एक ही रात में तीन-तीन दुकानों में हुई इस चोरी से स्थानीय व्यवसायियों में अपनी मेहनत की कमाई और सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त हो गया है।घटना की सूचना मिलते ही सारंगी चौकी प्रभारी दीपक देवेरे पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया तथा जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरी वारदात के बीच स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने क्षेत्र में रात के समय होने वाली अघोषित बिजली कटौती और लोड शेडिंग पर भी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा रात के समय की जाने वाली कटौती के कारण मुख्य मार्ग पर अंधेरा छा जाता है, जिससे असामाजिक तत्वों को ऐसी वारदातों को अंजाम देने का मौका मिल जाता है। व्यापारियों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द पर्दाफाश करने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा बिजली विभाग से रात में सुचारू रुप से बिजली आपूर्ति बनाए रखने की मांग की है।
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!