झाबुआ@मुकेश सिसोदिया
थांदला क्षेत्र के पीएम श्री परवलिया स्कूल की मिडल विंग में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर की गई कार्रवाई से बौखलाए एक शिक्षक द्वारा खबर प्रकाशित करने वाले संवाददाता को धमकाने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक खुद को आदिवासी बताकर धमकी देते हुए साफ सुनाई दे रहा है।
पिछले गुरुवार को झाबुआ हलचल न्यूज पोर्टल पर पीएम श्री परवलिया की मिडील विंग की अनियमितताओं को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। खबर में स्कूल में समय पर शिक्षकों के नहीं पहुंचने, अध्यापन कार्य में लापरवाही और अन्य अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था। उक्त खबर पर कलेक्टर महोदय द्वारा तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित जिम्मेदार शिक्षकों पर तत्काल कार्रवाई की गई थी।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर द्वारा की गई कार्रवाई से नाराज होकर हुरता मुनिया नामक शिक्षक, जिस पर कार्रवाई हुई है, वह परवलिया संवाददाता को धमकाने के लिए पहुंच गया। वायरल वीडियो में वह यह कहते हुए सुना जा रहा है कि “तूने खबर कैसे चलाई, मैं आदिवासी हूं।” पीड़ित संवाददाता ने इस मामले में कलेक्टर महोदय और जिला प्रशासन से ऐसे शिक्षकों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। संवाददाता का कहना है कि एक शिक्षक का इस प्रकार खुलेआम पत्रकार को धमकाना न केवल प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला है, बल्कि शासन की कार्रवाई को चुनौती देना भी है। ग्रामीणों ने भी मांग की है कि दोषी शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी सरकारी कर्मचारी पत्रकार को इस तरह धमकाने की हिम्मत न कर सके।
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!