झाबुआ

झाबुआ जिले में कार्बाइड गन के निर्माण, भंडारण, खरीद-बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध, कलेक्टर डॉ. भरसट ने धारा 163 के तहत जारी किया आदेश,,, 27 दिसंबर तक रहेगा लागू, उल्लंघन पर होगी वैधानिक कार्रवाई….

झाबुआ@आयुष पाटीदार

आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने झाबुआ जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा में लोहा, स्टील अथवा पीवीसी पाइपों में विस्फोटक पदार्थ भरकर अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले अवैध संशोधित पटाखों (कार्बाइड गन) के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। यह प्रतिबंधात्मक आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जारी किया गया है।

जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि विगत दिनों विभिन्न जिलों में सामने आई घटनाओं के माध्यम से यह तथ्य संज्ञान में आया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा प्रतिबंधित पटाखों एवं आतिशबाजी में प्रयुक्त विस्फोटक पदार्थों को लोहा, स्टील अथवा पीवीसी पाइपों में भरकर अवैध रूप से संशोधित पटाखे, जिन्हें कार्बाइड गन के नाम से जाना जाता है, तैयार कर उनका विक्रय एवं उपयोग किया जा रहा है। इस प्रकार के उपकरणों के उपयोग से अत्यधिक तेज ध्वनि उत्पन्न होती है, जिससे आमजन के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ ही मानव जीवन एवं सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।

इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।

कार्बाइड गन के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध

जारी आदेश के अनुसार झाबुआ जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा में कोई भी व्यक्ति, संस्था अथवा व्यापारी प्रतिबंधित पटाखों, आतिशबाजी तथा लोहा, स्टील अथवा पीवीसी पाइपों में विस्फोटक पदार्थ भरकर अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले अवैध संशोधित पटाखों (कार्बाइड गन) का निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण, प्रदर्शन अथवा उपयोग नहीं कर सकेगा। उक्त समस्त गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगी।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारियों, कार्यपालिक दण्डाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा उल्लंघन पाए जाने की स्थिति में तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

27 दिसम्बर 2026 तक प्रभावशील रहेगा आदेश..

यह प्रतिबंधात्मक आदेश 27 अक्टूबर 2026 से लागू होकर 27 दिसम्बर 2026 तक प्रभावशील रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित व्यक्ति, संस्था अथवा संचालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा सकेगी।

चूंकि यह आदेश जनसामान्य की सुरक्षा एवं व्यापक लोकहित से संबंधित है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इसकी व्यक्तिगत सूचना दिया जाना संभव नहीं है, इसलिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(2) के अंतर्गत इसे एकपक्षीय रूप से पारित किया गया है। आदेश के संबंध में कोई भी व्यक्ति अपनी आपत्ति अथवा आवेदन भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(5) के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!