खवासा

खवासा मांगे मां नर्मदा का जल,,,पानी के लिए अब आर-पार की लड़ाई,,,16 तारीख से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन का ऐलान,,,वर्षों से पेयजल और सिंचाई संकट से जूझ रहे खवासा क्षेत्र में बढ़ा जनआक्रोश…

तेजाजी मंदिर में जुटे नगरवासी महिलाओं की भी रही बड़ी भागीदारी…

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया

झाबुआ जिले के खवासा क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पेयजल एवं सिंचाई की समस्या को लेकर अब जनआक्रोश उभरने लगा है। खवासा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नर्मदा जल पहुंचाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। पानी की समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों ने अब निर्णायक संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है।

इसी कड़ी में शनिवार शाम को तेजाजी मंदिर परिसर में नगरवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। बैठक में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि पानी का संकट अब केवल किसी एक वर्ग की समस्या नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की गंभीर चुनौती बन चुका है।

पेयजल ही नहीं, किसानों की फसलें भी संकट में….

बैठक में क्षेत्रवासियों ने कहा कि खवासा और आसपास के गांव लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं होने के साथ-साथ सिंचाई के लिए पानी की कमी के कारण किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि नर्मदा नहर की लाइन खवासा क्षेत्र तक पहुंचने से पेयजल संकट का स्थायी समाधान संभव होगा और किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा।

नर्मदा माइक्रो उद्धहन परियोजना की लाइन खवासा से महज 2 से 3 किलोमीटर दूर…

क्षेत्रवासियों ने बताया कि नर्मदा माइक्रो उद्धहन सिंचाई परियोजना की लाइन खवासा से महज 2 से 3 किलोमीटर दूर होकर गुजर रही है। इस परियोजना से कई जिलों और हजारों गांवों तक पानी पहुंचने की योजना है, लेकिन क्षेत्रवासियों का आरोप है कि खवासा और आसपास के गांवों के साथ भेदभाव किया गया है। थांदला विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों को योजना का लाभ दिया जाएगा। जबकि खवासा सहित आसपास  क्षेत्र में बारहमासी पानी की किल्लत बनी रहती है। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने खवासा और आसपास के गांवों को भी योजना से जोड़कर स्थायी समाधान करने की मांग की है।

16 तारीख से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी….

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 16 तारीख से पहले खवासा क्षेत्र तक नर्मदा जल पहुंचाने की मांग पर कोई ठोस पहल नहीं होती है, तो 16 तारीख से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में खवासा नगरवासी सहित आस पास के ग्रामीण जन बड़ी संख्या में धरना प्रदर्शन में शामिल होगे..

क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्हें पानी की समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। खवासा नगर के साथ आसपास के गांवों को भी नर्मदा जल योजना से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी निगाहें….

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि खवासा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को नर्मदा जल से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर जल्द अमल किया जाए।

अब देखना यह होगा कि क्षेत्र की इस गंभीर समस्या पर जिम्मेदारों की ओर से समय रहते कोई ठोस कदम उठाया जाता है या फिर 16 तारीख से खवासा क्षेत्र में पानी के लिए अनिश्चितकालीन जनआंदोलन की शुरुआत होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!