Welcome to झाबुआ हलचल   Click to listen highlighted text! Welcome to झाबुआ हलचल
खवासा

नीम चौक पर झुका बिजली पोल बना खतरा,,,लकड़ी की बल्ली और तार के सहारे टिका…आज शाम कृष्ण जन्मोत्सव में जुटेगी भीड़; पास ही मंदिर और ऊपर लटकते तारों से बढ़ी चिंता…

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया

नीम चौक पर बिजली का एक पोल इन दिनों हादसे को न्योता देता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर की टक्कर लगने के कारण बिजली का पोल झुक गया था। पोल इतना अधिक झुक चुका है कि उसे देखकर ही इसकी स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल बिजली विभाग द्वारा लकड़ी की बल्ली और तार बांधकर पोल को सपोर्ट दिया गया है, ताकि वह और अधिक न झुके। लेकिन सवाल यह भी हे कि लकड़ी की बल्ली ओर तार आखिर कब तक बिजली के पोल का भार संभाल पाएंगे…?

मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि पोल के पास ही कृष्ण मंदिर स्थित है, जहां आज शाम भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। धार्मिक आयोजन के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में लोगों की आवाजाही के बीच यह झुका हुआ बिजली पोल और उससे जुड़े तार चिंता का विषय बने हुए हैं।

हालांकि बिजली विभाग द्वारा फिलहाल पोल को बल्ली और तार के सहारे संभालने की व्यवस्था की गई है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। पोल की स्थिति को देखते हुए इसे जल्द से जल्द सही करवाना जरूरी है, ताकि धार्मिक आयोजन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना की आशंका न रहे।

बारिश के मौसम में पहले से ही बिजली व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सावधानी की जरूरत होती है। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह झुका हुआ पोल गंभीर खतरा बन सकता है। खासकर तब, जब उसी स्थान के समीप धार्मिक आयोजन होने जा रहा हो।

आज शाम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ेगा, ऐसे में उम्मीद है कि हादसे की आशंका को देखते हुए बिजली विभाग जल्द ही पोल को स्थायी रूप से सुरक्षित कर देगा।

इस मामले में विद्युत विभाग के सहायक अभियंत्री मुकेश परमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आ गया है। पोल को सही कर दिया जाएगा। जेसीबी की मदद से पोल को व्यवस्थित तरीके से सीधा करवाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!