Welcome to झाबुआ हलचल   Click to listen highlighted text! Welcome to झाबुआ हलचल
खवासा

खवासा में अतिक्रमण पर फिर चला पंचायत का डंडा..सड़क पर उतरी ग्राम पंचायत, पुलिस-राजस्व अमले की मौजूदगी में हटाया अव्यवस्था का जाल,,फिर लौटेगी पुरानी अव्यवस्था या कायम रहेगी व्यवस्था..?

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया

नगर में लंबे समय से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और आए दिन बनने वाली ट्रैफिक जाम की स्थिति को लेकर ग्राम पंचायत एक बार फिर सख्त तेवर में नजर आई। नगर की व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ग्राम पंचायत की टीम ने सड़क पर उतरकर कार्रवाई की और नालियों के बाहर किए गए अतिक्रमण के साथ-साथ सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े ठेले और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया। कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत की पूरी बॉडी के साथ पुलिस स्टाफ और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अमले ने मौके पर पहुंचकर सार्वजनिक रास्तों और नालियों के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटवाते हुए सड़क को व्यवस्थित कराया तथा दुकानदारों और ठेला संचालकों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी।

खवासा नगर में यातायात व्यवस्था लंबे समय से एक बड़ी समस्या बनी हुई है। मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे सामान रखने, नालियों के ऊपर या बाहर दुकानें फैलाने, ठेलों को बेतरतीब तरीके से खड़ा करने और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है कि आम वाहन चालकों को निकलने तक में परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यस्त समय में यही अव्यवस्था ट्रैफिक जाम का कारण बनती है और इसका सीधा असर आम नागरिकों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और राहगीरों पर पड़ता है। ऐसे में ग्राम पंचायत द्वारा की गई कार्रवाई को नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हालांकि कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हो रहा है कि आखिर यह व्यवस्था कितने दिनों तक कायम रहेगी…? क्योंकि इससे पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन कुछ समय बीतने के बाद फिर से वही स्थिति बनती नजर आती है। सड़क किनारे ठेले लगने लगते हैं, दुकानों का सामान नाली और सड़क तक आ जाता है और धीरे-धीरे सार्वजनिक रास्ते दोबारा अतिक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। ऐसे में इस बार नगरवासियों की नजर सिर्फ कार्रवाई पर नहीं, बल्कि कार्रवाई के बाद व्यवस्था को बनाए रखने पर भी टिकी हुई है।

अब देखना होगा कि ग्राम पंचायत की यह कार्रवाई केवल एक दिन की मुहिम बनकर रह जाती है या पंचायत आगे भी इसी तरह लगातार सख्ती दिखाते हुए नगर की सड़कों और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए कार्रवाई जारी रखती है।

नगरवासियों की भी यही मांग है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सिर्फ अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि स्थायी व्यवस्था बनाई जाए और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर लगातार कार्रवाई हो, ताकि खवासा नगर की यातायात व्यवस्था सुधरे और आम लोगों को जाम तथा अव्यवस्था से राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!