खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
खवासा नगर में लंबे समय से बनी रहने वाली पेयजल समस्या को लेकर अब राहत की उम्मीद नजर आने लगी है। प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के अंतर्गत खवासा ग्राम पंचायत द्वारा ढोलखरा स्थित नवीन कुएं से जल्द ही नगर में पानी का वितरण शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
गौरतलब है कि खवासा नगर में साल के 12 महीने पेयजल की समस्या बनी रहती है। गर्मी के दिनों में स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है, वहीं आमजन को पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ढोलखरा के नवीन कुएं से पानी की आपूर्ति शुरू होना नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर साबित हो सकती है।
अब नगरवासियों को इंतजार है कि नवीन कुएं से जल वितरण व्यवस्था कब शुरू होती है और इससे कितने वार्डों एवं परिवारों को नियमित पेयजल उपलब्ध हो पाता है। यदि योजना के तहत निर्बाध जल आपूर्ति शुरू होती है तो खवासा की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या को दूर करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला मंत्री कमल पाटीदार ने बताया कि आगामी 1 दिसंबर से खवासा नगर में ढोलखरा तालाब स्थित नवीन कुएं से सुचारू रूप से पेयजल वितरण शुरू हो जाएगा। फिलहाल जलापूर्ति व्यवस्था की टेस्टिंग चल रही है। लाइन लंबी होने के कारण एक स्थान पर रिटर्न वाल लगाना शेष है। वर्तमान में 25 एचपी की डीपी लगाई गई है, जबकि दो दिन बाद 63 एचपी की डीपी लगाई जाएगी। इसके बाद पूरी पाइपलाइन की जांच की जाएगी और व्यवस्था सुचारू होते ही खवासा नगर में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!