सारंगी

वंचित पंचायतों में माही नहर लाने की मांग, नर्मदा माइक्रो लिंक परियोजना से जोड़ने की उठी आवाज,,,रुपापाड़ा में सैकड़ों किसानों की बैठक, सिंचाई के लिए स्थायी जल व्यवस्था की मांग….

सारंगी@संजय उपाध्याय

माही नहर और नर्मदा लिंक परियोजना से वंचित पेटलावद विकासखंड की पंचायतों के किसानों ने अब सिंचाई के पानी के लिए आवाज बुलंद करना शुरू कर दिया है। इसी मांग को लेकर ग्राम पंचायत कालीघाटी के ग्राम रुपापाड़ा में सैकड़ों किसानों की बैठक आयोजित की गई। इसमें देवली, बेकल्दा, हमीरगढ़, पांचपिपला, बड़ा सलुनिया, कालीघाटी, सामली और कचराखदान पंचायतों के किसानों ने भाग लिया। बैठक में क्षेत्र तक माही नहर लाने और किसानों को नर्मदा माइक्रो लिंक परियोजना से जोड़ने की मांग को लेकर चर्चा की गई।

किसानों का कहना है कि इन पंचायतों में पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण भूजल स्तर काफी नीचे है। खेती के लिए सिंचाई की कोई उचित व्यवस्था नहीं होने से किसानों को हर साल परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस वर्ष कम बारिश के चलते कुएं और बोरवेल भी सिंचाई के समय जवाब दे चुके हैं। स्थिति यह है कि कई गांवों के नजदीक से माही परियोजना की नहर गुजरने के बावजूद क्षेत्र के किसानों के खेत पानी के अभाव में सूखे पड़े हैं।

किसानों ने बताया कि कहीं नहर गांव से महज दो किलोमीटर की दूरी से गुजर रही है, तो कहीं इससे भी कम दूरी पर है, लेकिन इसका लाभ आसपास की पंचायतों के किसानों को नहीं मिल पा रहा है। पानी की कमी के चलते कई किसान सोयाबीन की फसल कटाई के बाद खेत खाली छोड़ने को मजबूर हैं। वहीं अनेक किसान साल में केवल एक ही फसल ले पाते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है।

किसानों का कहना है कि जिले की बड़ी सिंचाई परियोजना माही डेम होने के बावजूद इन पंचायतों के किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र में सिंचाई के लिए स्थायी जल व्यवस्था नहीं होने से खेती लगातार प्रभावित हो रही है। किसानों ने मांग की है कि माही नहर का विस्तार कर वंचित पंचायतों तक पानी पहुंचाया जाए अथवा उन्हें नर्मदा माइक्रो लिंक परियोजना से जोड़कर सिंचाई की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराई जाए। किसानों का कहना है कि उनकी मांग केवल खेती तक सीमित नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति और भविष्य से भी जुड़ी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!