खवासा
खवासा में गंदगी का अंबार, सफाई व्यवस्था लाचार,,,,जिम्मेदारों की आंखों पर पट्टी,,,नगर बड़ा, सफाईकर्मी मात्र दो… फिर कैसे चमकेगा खवासा…?

खवासा@आनंदीलाल सिसोदिया/आयुष पाटीदार
स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण बेहद जरूरी है, लेकिन जब सफाई व्यवस्था ही दम तोड़ने लगे तो आमजन के स्वास्थ्य पर खतरा मंडराना स्वाभाविक है। कुछ ऐसे ही हालात इन दिनों खवासा में देखने को मिल रहे हैं, जहां ग्राम पंचायत की लचर सफाई व्यवस्था के चलते जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। वार्डों में नियमित सफाई नहीं होने और नालियों की समय पर सफाई नहीं किए जाने से गंदा पानी जमा हो रहा है। इसके चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का भय भी लोगों को सताने लगा है।

नगर बड़ा, सफाईकर्मी मात्र दो, कैसे सुधरेगी व्यवस्था…?
खवासा जैसे बड़े नगर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा महज दो सफाई कर्मचारियों पर होना भी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इतने बड़े क्षेत्र में केवल दो कर्मचारियों के भरोसे नियमित सफाई संभव नहीं हो पा रही है। जगह-जगह कचरा, गंदगी से भरी नालियां और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था पंचायत के स्वच्छता संबंधी दावों की हकीकत बयां कर रही है।





