बामनिया

उखड़ी सड़क बनी मौत का कारण तेज रफ्तार बाइक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत…

बामनिया@जितेंद्र बैरागी

सड़क निर्माण के नाम पर उखाड़कर छोड़ी गई सड़क को लेकर उठ रहे सवालों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया। बीती शाम करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार लाला पिता शंभू डामर खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि लाला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर की चपेट में पास खड़ी उनकी भाभी भी आ गईं। उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं बाइक चालक विदेश पिता शंभू वसुनिया, निवासी छायन भी गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

सड़क उखाड़ी, लेकिन बनाई नहीं… अब हादसों का जिम्मेदार कौन।

घटना के बाद लोगों का गुस्सा सड़क निर्माण एजेंसी और ठेकेदार पर फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बामनिया रेलवे फाटक से चितौड़ी रुंडी तक सड़क का डामर मशीन से उखाड़ दिया गया, लेकिन लंबे समय से सड़क को व्यवस्थित नहीं किया गया।लोगों का आरोप है कि उखड़ी और असंतुलित सड़क पर दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।स्थानीय निवासी गुड्डू मुनिया ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़क का निर्माण लंबे समय तक नहीं करना था तो उसे उखाड़ने की जरूरत ही क्या थी।सड़क जैसी थी, वैसी ही रहने देते तो वाहन चालकों का संतुलन नहीं बिगड़ता और शायद ऐसे हादसों से बचा जा सकता था।

इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्रवासियों और आदिवासी संगठन के कार्यकर्ताओं में सड़क ठेकेदार के खिलाफ भारी आक्रोश है।उखड़ी सड़क पर हो रहे हादसों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!