झकनावदा
पं. कमल किशोर नागर को जान से मारने की धमकी, सनातन समाज में उबाल! धमकी भरे पत्र से मचा हड़कंप, राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग..

झकनावदा@नारायण राठौड़
मालवा माटी के वरद पुत्र, गोमाता के परम भक्त,श्रीमद् भागवत के मर्मज्ञ संत श्री पंडित कमल किशोर नागर को अज्ञात बदमाशों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना से क्षेत्र के सनातनी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मछलिया, जिला झाबुआ स्थित शबरी गौशाला आश्रम में कृष्ण जन्माष्टमी एवं पंडित नागर जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अज्ञात बदमाशों द्वारा एक धमकी भरा पत्र छोड़ा गया। पत्र में आदिवासी अंचल में गौशाला एवं धर्म जागरण का कार्य बंद करने, अन्यथा पूरे परिवार को गोलियों से भून देने की धमकी दी गई है।
इस विभत्स घटना को लेकर सोमवार को सनातनी धर्मावलंबियों ने झकनावदा पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़, पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजेश कासवा, वरिष्ठ भाजपा नेता पारस जैन, मंडल उपाध्यक्ष ठाकुर परीक्षित सिंह, प्रदीप बोराना, मनोहर सिंह जी सेमलिया, मांगीलाल पड़ियार, हरिराम पड़ियार, शांतिलाल सोलंकी, किशन लछेटा, एफ.सी. माली, जीवन वैरागी, पत्रकार दैवेन्द्र वैरागी, गोपाल लछेटा, रमेश परमार सहित बड़ी संख्या में सनातनी धर्म प्रेमी उपस्थित रहे।




