108 एंबुलेंस में एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन उपलब्ध होने का दावा, चिकित्सा अधिकारी ने बताया फिलहाल बामनिया में ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं।
बामनिया@जितेंद्र बैरागी
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन अब 108 एंबुलेंस में भी उपलब्ध है। वायरल मैसेज में कहा जा रहा है कि सांप के काटने पर 108 पर फोन करने से एंबुलेंस मरीज के घर पहुंचेगी और मौके पर ही एंटी-स्नेक वेनम का डोज दिया जाएगा।
वायरल मैसेज की हकीकत जानने के लिए झाबुआ हलचल ने बामनिया चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष सोलंकी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि फिलहाल अपने क्षेत्र में 108 एंबुलेंस के अंदर एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन देने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। हालांकि, सांप के काटने की स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस को जरूर कॉल किया जा सकता है।
डॉ. सोलंकी ने बताया कि एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन चिकित्सक की निगरानी में ही दिया जाता है। इंजेक्शन देने से पहले चिकित्सक मरीज की स्थिति और सर्पदंश के प्रभाव का आकलन करते हैं तथा उसी के आधार पर उपचार तय किया जाता है। इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज में किए जा रहे दावे पर पूरी तरह भरोसा करने के बजाय, सर्पदंश की स्थिति में तत्काल 108 पर कॉल कर मरीज को अस्पताल पहुंचाना चाहिए।

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!