Welcome to Jhabua Hulchul   Click to listen highlighted text! Welcome to Jhabua Hulchul
सारंगी

बाछीखेड़ा की ग्रामसभा में पहुंचे कलेक्टर और एसपी, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए निर्देश,,,विद्यालय में शिक्षक की अनुपस्थिति, पेयजल व्यवस्था और मध्याह्न भोजन का मुद्दा उठा….

सारंगी@संजय उपाध्याय

गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत बाछीखेड़ा में आयोजित ग्रामसभा में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर गांव की समस्याओं, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को वस्तुस्थिति का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिक्षा और पेयजल व्यवस्था पर हुई चर्चा

ग्रामसभा में ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था से संबंधित समिति की बैठक नियमित रूप से नहीं होने, ग्राम सेवक के नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने तथा विद्यालय में शिक्षक के कई महीनों से अनुपस्थित रहने जैसे मुद्दे उठाए। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विद्यालय में अध्ययनरत 33 बच्चों की शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुसार नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित व्यवस्थाओं का सोशल ऑडिट सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ने पर जोर

ग्राम में संचालित महिला स्व-सहायता समूहों की जानकारी के दौरान बताया गया कि वर्तमान में 23 समूह सक्रिय हैं। कलेक्टर ने समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा पात्र महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

ग्रामसभा में ग्राम पंचायत विकास योजना 2027-28 तैयार करने, पेयजल स्रोतों के संरक्षण, जल गुणवत्ता परीक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जल संरक्षण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्यान्न वितरण, स्वामित्व योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के क्रियान्वयन की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष रखी गई।

एसपी ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने की समझाइश दी। उन्होंने संदिग्ध फोन कॉल, अनजान लिंक और संदेशों से सावधान रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही ऑपरेशन मर्यादा के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीणों को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य, स्वच्छता और नशामुक्ति पर भी चर्चा

ग्रामसभा में स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, संतुलित आहार, योग, व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही बाल विवाह एवं बाल मजदूरी की रोकथाम, महिला सशक्तीकरण, पशुपालन, मत्स्य पालन और सामुदायिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़े विषयों को भी ग्रामसभा के एजेंडे में शामिल किया गया।

ग्रामसभा का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा। इस दौरान ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!