परवलिया
खड़े स्कूटर में अचानक लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुआ खाक,,,सामान लेने गया था चालक, लौटकर देखा तो धू-धू कर जल रहा था स्कूटर…

परवलिया@उमेश पाटीदार
ग्राम परवलिया में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक स्कूटर में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरा स्कूटर जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मानपुर निवासी भरतु मुनिया सामान खरीदने के लिए परवलिया आए थे। उन्होंने अपना स्कूटर गाय गोहरी स्थल के पास खड़ा किया और बाजार में सामान लेने चले गए। इसी दौरान स्कूटर से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई।
आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर भरतु मुनिया को सूचना दी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरी तरह स्कूटर को अपनी चपेट में ले चुकी थी। कुछ ही देर में स्कूटर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हादसे में वाहन मालिक को आर्थिक नुकसान हुआ है।

