रायपुरिया

गुरु पूर्णिमा पर श्री राम शरणम् में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1100 से अधिक साधकों ने किया राम नाम का जाप…

रायपुरिया@राजेश राठौड़

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रायपुरिया स्थित श्री राम शरणम् साधक भवन में भक्ति और श्रद्धा के साथ विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग 1100 से अधिक साधकों ने भाग लेकर गुरु महिमा का गुणगान किया।

आयोजन के दौरान अमृतवाणी, सत्संग, पुष्पांजलि एवं प्रवचन का आयोजन किया गया। प्रवचन में वक्ताओं ने कहा कि गुरु के बिना जीवन अधूरा है। गुरु ही मनुष्य को सत्य एवं सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं तथा उनके मार्गदर्शन से ही भवसागर से पार पाया जा सकता है। गुरु दक्षिणा के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के उपरांत सभी साधकों ने सशुल्क भोजन प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर अनेक साधकों ने गांव की सुख-समृद्धि एवं उन्नति के लिए सवा करोड़ राम नाम जाप का संकल्प लिया। वहीं कई साधक एवं मातृशक्ति ने लगातार 12 पूर्णिमा तक विशेष साधना एवं जाप करने का संकल्प भी लिया।

गौरतलब है कि रायपुरिया स्थित श्री राम शरणम् में प्रत्येक पूर्णिमा पर शाम 6 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक अखंड राम नाम जाप का आयोजन किया जाता है, जिसमें साधक भाई-बहन पूरी रात जागरण कर प्रभु श्रीराम के नाम का स्मरण एवं भजन-कीर्तन करते हैं।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे अंचल में भी श्रद्धालु अपने-अपने गुरुओं की पूजा-अर्चना, वंदन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने में जुटे रहे। धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!