Welcome to झाबुआ हलचल   Click to listen highlighted text! Welcome to झाबुआ हलचल
मेघनगर

कौशल विकास एवं आरोग्य केंद्र का 30 जुलाई को होगा लोकार्पण, संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी करेंगे शुभारंभ…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी

सेवा, संस्कार और स्वावलंबन के समन्वय से जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। मेघनगर विकासखंड के ग्राम बड़ा घोसलिया स्थित सेवा भारती मालवा प्रांत द्वारा संचालित जनजाति सशक्तिकरण केंद्र में निर्मित कौशल विकास एवं आरोग्य केंद्र का लोकार्पण 30 जुलाई को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

करीब 32 बीघा क्षेत्र में विकसित यह सेवा प्रकल्प वर्षों से जनजातीय अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। परिसर में संचालित छात्रावास में 50 से अधिक विद्यार्थी निवास करते हैं। यहां नियमित शिक्षा के साथ उन्हें राखी निर्माण, मूर्ति निर्माण, श्रृंगार सामग्री निर्माण सहित विभिन्न रोजगारपरक कौशलों का प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

कृषकों के लिए परिसर में विशेष प्रशिक्षण भवन तैयार किया गया है, जहां वे आवासीय व्यवस्था के साथ कई दिनों तक रहकर जैविक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। वहीं सीएसआर सहयोग से उपलब्ध कराई गई हाईटेक एम्बुलेंस के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते हैं। विशेष रूप से सिकल सेल एनीमिया की जांच एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक पहुंचाई जाती हैं। नए भवनों के शुरू होने से प्रशिक्षण और स्वास्थ्य गतिविधियों का विस्तार होगा तथा लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

आपदा प्रबंधन से पर्यावरण संरक्षण तक का प्रशिक्षण

जनजातीय क्षेत्रों में जीवनोपयोगी कौशल विकसित करने के उद्देश्य से केंद्र में पिछले दो वर्षों से तालाब पर तैराकी का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि नदी-नालों में होने वाली दुर्घटनाओं के दौरान लोग स्वयं की सुरक्षा कर सकें। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पलाश के पत्तों से पारंपरिक पत्तल निर्माण का प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए विविध प्रशिक्षण

केंद्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ब्यूटी पार्लर, मेहंदी, हैंडलूम, सिलाई, राखी एवं भगवान गणेश की प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाता है। किसानों को जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, सींग खाद एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाती है। वहीं युवाओं के लिए मोटरसाइकिल रिपेयरिंग, ट्रैक्टर रिपेयरिंग, मोटर रिपेयरिंग, एसी सर्विसिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, प्लंबिंग, वेल्डिंग तथा पलाश पत्तल निर्माण जैसे अनेक रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण संचालित किए जा रहे हैं।

लोकार्पण समारोह में पवन सिंघानिया (मोयरा सरिया, इंदौर), गिरीश मतलानी (सोनिक बायोकेम, इंदौर), अनिल सतवानी (सिम्बायोटेक फार्मा, इंदौर) तथा प्रवीण कुमार सकलेचा (महाप्रबंधक, एमपीएसओ, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भोपाल) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!