रायपुरिया में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी….

रायपुरिया@राजेश राठौड़
अंचल में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। शुभ मुहूर्त में बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की और आशीर्वाद लिया, साथ ही अपनी रक्षा का वचन भी लिया। पर्व को लेकर अंचलभर में पिछले तीन दिनों से बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। राखी, कपड़ों और मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ रही और पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। मिठाई के भाव ऊंचे होने के बावजूद बहनों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और उन्होंने भाइयों का मुंह मीठा कराने के लिए बढ़िया मिठाइयां खरीदीं। उम्मीद से अधिक हुई इस बंपर खरीदी से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे। गांव में करीब 50 से 60 दुकानें सज धज कर तैयार थीं जो रोशनी से जगमगा रही थीं। यह पर्व एक बार फिर साबित कर गया कि बहन चाहे कितनी भी दूर क्यों न हो, भाई-बहन का यह पावन रिश्ता उसे खींचकर अपनी कलाई पर राखी बंधवाने ले ही आता है।




