Welcome to झाबुआ हलचल
Click to listen highlighted text!
Welcome to झाबुआ हलचल
रायपुरिया@राजेश राठौड़
भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। रक्षाबंधन के पहले लगने वाले त्योहारिया हाट बाजार में रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर बांधने के लिए विभिन्न डिजाइन और रंगों की राखियों की जमकर खरीदारी की। रक्षाबंधन को देखते हुए पूरा बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सजा हुआ नजर आया।
हाट बाजार में राखियों की आकर्षक दुकानें जगह-जगह लगी हुई थीं। दुकानदारों ने बच्चों से लेकर युवाओं और बड़ों के लिए अलग-अलग प्रकार की राखियां सजाकर रखी थीं। बाजार में पहुंची बहनें अपनी पसंद और भाई की पसंद के अनुसार राखियों की खरीदारी करती दिखाई दीं। कई दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ इतनी अधिक रही कि दुकानदार दिनभर व्यस्त नजर आए।
दूर-दराज के गांवों से पहुंचीं बहनें
त्योहारिया हाट में खरीदारी के लिए रायपुरिया सहित आसपास के दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। विशेष रूप से बहनों में रक्षाबंधन पर्व को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। बहनों ने राखियों के साथ ही भाई-बहन के त्योहार से जुड़ी अन्य सामग्री की भी खरीदारी की। बाजार में बच्चों और महिलाओं की भी अच्छी-खासी भीड़ रही।
राखियों की दुकानों पर अलग-अलग डिजाइन की राखियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई थीं। पारंपरिक राखियों के साथ ही बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां भी उपलब्ध थीं।
पुलिस ने संभाली यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था
त्योहारिया हाट में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। बाजार में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई। पुलिसकर्मियों ने बाजार क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने का प्रयास किया, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
त्योहारिया हाट के दौरान पुलिस की सक्रियता के चलते बाजार में व्यवस्था बनी रही। लोगों ने भी पुलिस प्रशासन की व्यवस्था की सराहना की। रक्षाबंधन पर्व तक बाजार में इसी प्रकार भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की जा रही है।
Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!