झाबुआ

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने रायपुरिया-जामली-सारंगी-करवड़ टू-लेन मार्ग निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन,,,55.35 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 23.70 किलोमीटर लंबा टू-लेन मार्ग…

झाबुआ@आयुष पाटीदार

महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने गुरुवार को ग्राम बरवेट में रायपुरिया-जामली-सारंगी-करवड़ टू-लेन मार्ग निर्माण कार्य का विधिवत पूजन-अर्चन कर भूमिपूजन किया। लगभग 55.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 23.70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार एवं रोजगार के अवसरों का विस्तार होता है।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि रायपुरिया-जामली-सारंगी-करवड़ टू-लेन मार्ग का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह मार्ग फूलमाल से थांदला-खवासा-बामनिया-करवड़-रतलाम मार्ग को करवड़ में जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र की रतलाम से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इसका विशेष लाभ किसानों, दुग्ध उत्पादकों एवं व्यापारियों को मिलेगा। किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, वहीं दुग्ध उत्पादकों को दूध एवं दुग्ध उत्पादों के परिवहन तथा व्यापारियों को व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार में सहायता मिलेगी।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों के नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही यात्रा के समय में कमी आएगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास एवं ग्रामीण अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की सौगात मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि रायपुरिया-जामली-सारंगी-करवड़ टू-लेन मार्ग निर्माण कार्य हेतु 5535.30 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। कुल 23.70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में 20.755 किलोमीटर बिटुमिनस (बी.टी.) मार्ग एवं 2.945 किलोमीटर सीमेंट कंक्रीट (सी.सी.) मार्ग का निर्माण किया जाएगा। साथ ही मार्ग पर कुल 53 पुल-पुलियों का निर्माण प्रस्तावित है। उक्त निर्माण कार्य को पूर्ण करने की निर्धारित समयावधि 18 माह है।

इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!