झाबुआ

कलेक्टर डॉ. भरसट ने नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का किया निरीक्षण,,,,जनजातीय गौरव दिवस पर जिले के 194 ग्रामों में उत्सवपूर्वक होगा मां नर्मदा के जल का स्वागत,,,परियोजना से जिले की 32 हजार हेक्टेयर भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा….

झाबुआ@आयुष पाटीदार

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा गुरुवार को नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के अंतर्गत रामा तहसील के ग्राम दौलतपुरा में निर्मित सम्पवेल (Sump Well) का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर डॉ. भरसट ने निर्देश दिए कि 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जिले के परियोजना से लाभान्वित सभी 194 ग्रामों में मां नर्मदा के जल का स्वागत उत्सव के रूप में किया जाए। इस अवसर पर कृषकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सम्पवेल की कार्यप्रणाली एवं जल वितरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा सम्पवेल की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्पवेल से जाने वाली ईस्ट एवं वेस्ट लाइन का अवलोकन किया तथा जल वितरण व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही सम्पवेल परिसर की सुरक्षा एवं देखरेख के लिए चौकीदार नियुक्त करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत कलेक्टर डॉ. भरसट ने परियोजना से लाभान्वित ग्राम फतेपुरा पहुंचकर कृषक के खेत में सिंचाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने खेतों तक नर्मदा जल पहुंचाने की संपूर्ण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा कृषकों से संवाद किया। कलेक्टर ने कृषकों से 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मां नर्मदा के जल का उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ स्वागत करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में संपूर्ण परियोजना को 1622 खंडों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक खंड में लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र शामिल है। ग्राम फतेपुरा में परियोजना के माध्यम से 78 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। कलेक्टर ने परियोजना के सुचारू संचालन एवं जल वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक खंड में दल गठित करने तथा इन दलों में संबंधित क्षेत्र के कृषकों को भी सम्मिलित करने के निर्देश दिए।

जिले के 194 ग्रामों की 32 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

उल्लेखनीय है कि नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के अंतर्गत झाबुआ जिले के 194 ग्रामों की 32 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। परियोजना से झाबुआ तहसील के 108 ग्रामों की 17,802 हेक्टेयर, पेटलावद तहसील के 6 ग्रामों की 1,502 हेक्टेयर, मेघनगर तहसील के 28 ग्रामों की 5,504 हेक्टेयर, थांदला तहसील के 39 ग्रामों की 5,927 हेक्टेयर, रामा तहसील के 12 ग्रामों की 1,185 हेक्टेयर तथा राणापुर तहसील के 1 ग्राम की 80 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा।

परियोजना के माध्यम से जिले के कृषकों को सिंचाई के लिए नर्मदा जल की उपलब्धता सुनिश्चित होने से कृषि उत्पादन में वृद्धि, फसल विविधीकरण एवं कृषकों की आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना जिले के कृषि विकास एवं किसानों की खुशहाली की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई, एनवीडीए के अधिकारी, तहसीलदार सुश्री अंकिता भिड़े एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!