झाबुआ
दीपावली एवं नववर्ष मिलन समारोह में दिखा आत्मीयता, सौहार्द और समन्वय का अनूठा संगम,,,पुलिस लाइन झाबुआ में जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पत्रकारों के लिए आयोजित हुआ दीपावली एवं नववर्ष मिलन समारोह…

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, संगीत और गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों से सजी उत्सव की शाम….
जिले के विकास और जनहित के लिए प्रशासन, पुलिस एवं मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद और समन्वय पर दिया जोर….
झाबुआ@आयुष पाटीदार
दीपावली के प्रकाश, नववर्ष की नई उमंग और आपसी आत्मीयता के संदेश के साथ पुलिस लाइन झाबुआ में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से पत्रकार दीपावली एवं नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में प्रशासन, पुलिस एवं मीडिया के बीच सौहार्द, संवाद और सकारात्मक सहयोग की भावना का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिले के पत्रकारगण, प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह की विशेषता रही कि औपचारिक वातावरण से अलग पत्रकार साथियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने संगीत एवं गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उल्लास का संचार किया। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली एवं नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आत्मीयता, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

जिले के विकास में पत्रकारों का अनुभव, सुझाव एवं रचनात्मक सहयोग महत्वपूर्ण : कलेक्टर डॉ. भरसट
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने उपस्थित सभी पत्रकार साथियों को दीपावली एवं नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। झाबुआ जिले के वरिष्ठ पत्रकारों के पास यहां की सामाजिक परिस्थितियों, स्थानीय चुनौतियों, विशेषताओं एवं विकास की संभावनाओं का समृद्ध जमीनी अनुभव है, वहीं अन्य पत्रकार साथी भी अपनी सक्रियता, सजगता एवं रचनात्मक दृष्टिकोण से जनहित के मुद्दों को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुभवी एवं युवा पत्रकारों के साथ संवाद करना तथा उनके विचारों और सुझावों को जानना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ गौरव का विषय भी है। पत्रकारों का अनुभव, स्थानीय परिस्थितियों की समझ और सकारात्मक सुझाव प्रशासन को जनहित से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सहायक होते हैं।

पुलिस और मीडिया एक ही सिक्के के दो पहलू, दोनों का उद्देश्य जनहित : पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार….
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने दीपावली एवं नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों की कार्यप्रणाली एवं दृष्टिकोण भले ही अलग-अलग हों, लेकिन दोनों का मूल उद्देश्य जनहित में कार्य करना, आमजन की समस्याओं के समाधान में योगदान देना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि जिले की प्रगति, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए पुलिस, प्रशासन एवं मीडिया के बीच आपसी विश्वास, संवाद और समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी के साझा प्रयासों एवं सकारात्मक सहयोग से झाबुआ जिले को विकास और प्रगति की नई दिशा प्रदान की जा सकती है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान ने पत्रकार साथियों को दीपावली एवं नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के विकास एवं जनहित के कार्यों में प्रशासन, पुलिस एवं मीडिया का आपसी समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सकारात्मक कार्यों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आपसी संवाद, विश्वास एवं रचनात्मक सहयोग से झाबुआ जिले को विकास और प्रगति की नई दिशा दी जा सकती है।
साझा प्रयासों से झाबुआ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संदेश…
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार चंद्रभान सिंह भदौरिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस, प्रशासन एवं मीडिया समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। तीनों के बीच बेहतर समन्वय एवं रचनात्मक सहयोग से क्षेत्र के विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि झाबुआ जिले की विशेषताओं को व्यापक पहचान दिलाने, आमजन की समस्याओं के समाधान तथा विकास की संभावनाओं को साकार करने के लिए सभी को मिलकर साझा प्रयास करने चाहिए।





