पेटलावद
दिव्यांग परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा दुकान हटाने की कार्रवाई से रोजी-रोटी का संकट,,,जनसुनवाई में एसडीएम को आवेदन सौंपकर लगाई न्याय की गुहार, अस्पताल प्रबंधन पर परेशान करने का आरोप…

पेटलावद डेस्क। सिविल अस्पताल पेटलावद के सामने छोटी-सी दुकान लगाकर चाय-बिस्किट बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रही सरोज पति सुनील मेहता ने मंगलवार को जनसुनवाई में एसडीएम को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर दुकान हटाने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने का आरोप लगाया है।
आवेदन में सरोज मेहता ने बताया कि उनके पति सुनने और बोलने में असमर्थ हैं तथा दिव्यांग होने के कारण कोई काम करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उनके ऊपर है। वह सिविल अस्पताल के सामने छोटी-सी दुकान लगाकर चाय-बिस्किट बेचती हैं। इसी दुकान से होने वाली आमदनी उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है।
सरोज का आरोप है कि वर्तमान में अस्पताल प्रबंधन द्वारा उन्हें उक्त स्थान से दुकान हटाने के लिए परेशान किया जा रहा है। उन्हें आशंका है कि दुकान हटाकर किसी अन्य व्यक्ति को वहां दुकान लगाने का अवसर दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी दुकान हटा दी गई तो दिव्यांग पति और परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
उन्होंने एसडीएम से पारिवारिक एवं आर्थिक परिस्थितियों और पति की दिव्यांगता को देखते हुए मानवीय आधार पर कार्रवाई करने, दुकान नहीं हटाने तथा अस्पताल प्रबंधन द्वारा परेशान किए जाने पर रोक लगाने की मांग की है।





