हरिनगर

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत हरिनगर में आयोजित हुआ जन विश्वास शिविर,,,ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य – कलेक्टर डॉ. भरसट….

15 ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई जल चौपाल, जल संरक्षण एवं पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने पर दिया जोर..

स्वयं सहायता समूहों को 64 लाख रुपये के ऋण के डेमो चेक, हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत किया गया लाभान्वित…

हरीनगर@मुकेश परमार

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को थांदला विकासखंड के ग्राम हरिनगर में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, विधायक श्री वीरसिंह भूरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल जसवंत भाभोर एवं पूर्व विधायक श्री कलसिंह भाबर सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

शिविर में कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं एवं हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर डॉ. भरसट ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।

शासन एवं प्रशासन आपके द्वार पहुंचकर कर रहा समस्याओं का समाधान – कलेक्टर..

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से शासन एवं प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा ग्रामों में भ्रमण एवं निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जा रही है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों से सीधे संवाद करने, उनकी समस्याओं को समझने एवं शासन की योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जानने का अवसर मिलता है।

कलेक्टर ने कहा कि आज शिविर में दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपस्थित है, जिससे दिव्यांगजनों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि हरिनगर संकुल अंतर्गत 64 विद्यालय हैं। जिन विद्यार्थियों के आधार अपडेशन की आवश्यकता है, उनके लिए विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

जल संरक्षण एवं पेयजल समस्या के निराकरण के लिए किए जा रहे विशेष प्रयास…

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि इस वर्ष अल्पवर्षा के कारण जिले में पेयजल की समस्या उत्पन्न हुई है। जनप्रतिनिधियों द्वारा भी क्षेत्र की पेयजल समस्या से अवगत कराया गया है, जिसके निराकरण के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों में जल चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें जल स्रोतों की वर्तमान स्थिति, जल संरचनाओं की उपलब्धता, जल संरक्षण के कार्यों एवं आगामी समय की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर जल संबंधी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करने एवं उनके निराकरण में सहयोग के लिए जलदूत नियुक्त किए गए हैं। जल संरक्षण के साथ-साथ पानी की बचत करना भी अत्यंत आवश्यक है। सभी ग्रामीण जल के महत्व को समझें तथा पानी का सदुपयोग करें।

कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जल संबंधी 10 हजार रुपये तक के संधारण कार्य ग्राम पंचायत स्तर पर तत्काल कराए जा सकते हैं। हैंडपंप एवं अन्य जल स्रोतों के आवश्यक संधारण कार्य भी ग्राम पंचायत स्तर से कराए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने काकनवानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाने की बात कही।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता आवश्यक – पुलिस अधीक्षक..

पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि हरिनगर जिले का दूरस्थ क्षेत्र है, जहां इस प्रकार के शिविर की आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उनके समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान करने से लेकर बैंकिंग संबंधी अधिकांश प्रक्रियाएं ऑनलाइन हो गई हैं। ऐसे में साइबर धोखाधड़ी के मामलों में भी वृद्धि हो रही है। साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, ओटीपी एवं पासवर्ड साझा न करें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए ऑपरेशन मर्यादा एवं ऑपरेशन गोवंशम के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

*जनप्रतिनिधियों ने रखी क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के निराकरण की बात*
विधायक श्री वीरसिंह भूरिया ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने खराब मोटरों एवं हैंडपंपों का संधारण कराने के साथ ही जल स्रोतों के गहरीकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने की बात कही।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल जसवंत भाभोर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से सरकार आमजन के द्वार पहुंची है। ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने एवं उनका निराकरण कराने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इस वर्ष अल्पवर्षा के कारण उत्पन्न पेयजल समस्या एवं फसलों को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर पात्र कृषकों को मुआवजा प्रदान किए जाने की मांग रखी।

पूर्व विधायक श्री कलसिंह भाबर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आयोजित जन विश्वास शिविर के माध्यम से सरकार ग्रामीणों के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। शिविर के आयोजन से पूर्व ही विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामों में भ्रमण एवं निरीक्षण कर समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर उनके निराकरण की दिशा में कार्य कर रहे हैं। यह अभियान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने एवं उनकी समस्याओं का समाधान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

15 ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई जल चौपाल..

शिविर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ श्री दयालु राठौर ने क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों में आयोजित जल चौपाल के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल चौपाल के माध्यम से जल संरक्षण, जल संचयन, उपलब्ध जल स्रोतों की स्थिति एवं आगामी समय में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

उन्होंने हरिनगर के भीमपुरी फलिया में आयोजित जल चौपाल की जानकारी साझा करते हुए बताया कि बड़ी ग्राम पंचायतों में दो एवं छोटी ग्राम पंचायतों में एक जलदूत का निर्धारण किया गया है। जलदूत ग्राम स्तर पर जल संबंधी समस्याओं की जानकारी उपलब्ध कराने एवं जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने में सहयोग करेंगे।

दिव्यांगजनों को शिविर स्थल पर ही मिले दिव्यांगता प्रमाण पत्र…

जन विश्वास शिविर में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। शिविर में श्रीमती सुनीता संगा कटारा निवासी ग्राम छापरी, मनीषा श्री जोसिंग मचार, रेखा पिता श्री प्रकाश हुवर निवासी ग्राम थेथम एवं तोलिया पिता श्री प्रकाश हुवर निवासी ग्राम थेथम को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

शिविर स्थल पर ही प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से दिव्यांगजनों को राहत मिली तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

उद्यमी संवाद में हितग्राहियों ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव..

शिविर में उद्यमी संवाद के माध्यम से विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने स्वरोजगार एवं आजीविका से जुड़े अनुभव साझा किए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की हितग्राही श्रीमती संगीता परमार एवं श्रीमती सीता मुणिया, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के हितग्राही श्री अल्केश पांचाल तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग के हितग्राही श्री अनिल पांचाल ने संवाद कर शासन की योजनाओं से प्राप्त सहयोग एवं अपने उद्यमों के संबंध में जानकारी दी।

सात स्वयं सहायता समूहों को 64 लाख रुपये के ऋण के डेमो चेक प्रदान..

शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत सीसीएल ऋण योजना के माध्यम से कृषि, सिलाई, सब्जी उत्पादन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सात स्वयं सहायता समूहों को कुल 64 लाख रुपये के ऋण के डेमो चेक प्रदान किए गए।

इसके अंतर्गत सोनाली समूह पाडाधामंजर को 10 लाख रुपये, सांवरिया समूह दौलतपुरा को 10 लाख रुपये, प्रिया समूह सेमलिया को 6 लाख रुपये, शिवानी समूह परवलिया को 10 लाख रुपये, फूल फलिया समूह पलासडोर को 8 लाख रुपये, जय श्री राम समूह उदयगंज को 10 लाख रुपये तथा जय बजरंग समूह बट्ठा को 10 लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।

*पशुपालन एवं स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को किया लाभान्वित*
पशुपालन एवं डेयरी विभाग की बकरी इकाई (10+1) योजना के अंतर्गत व्यावसायिक बकरी पालन हेतु श्रीमती कांता डामोर एवं श्री कानुसिंह डामोर को 77-77 हजार रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत श्री रमेश कटारा को 6 लाख रुपये की लागत के लोडिंग वाहन (महिंद्रा पिकअप) की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई।

स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को प्रदान की गई रजिस्ट्री..

शिविर में स्वामित्व योजना के अंतर्गत श्रीमती नफीशा पति श्री खोजेमा बोहरा एवं श्री कैलाश पिता श्री मड़िया हाड़ा को उनकी संपत्ति की रजिस्ट्री प्रदान की गई।

संबल योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को 6 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता..

मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत श्रीमती वसन्ता कसू डामोर निवासी ग्राम वट्ठा, श्रीमती रामू गलजी डामोर निवासी ग्राम वट्ठा एवं श्री दुलेसिंह डामोर निवासी ग्राम मोरझरी को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि के स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पोनी जालम डामोर, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला भास्कर गाचले, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीण जन में सरपंच कमलेश डामोर, मन्नू डामोर, रमेश भटेवरा, कमलेश भाबोर, चैन सिंह डामोर सरपंच आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!