खवासा

माँ नर्मदा के जल के लिए खवासा में बजेगा आंदोलन का बिगुल,,,मां नर्मदा का जल कलश में लेकर आर-पार की लड़ाई का संकल्प, 16 नवंबर से शुरू होगा महाआंदोलन,,,जब तक खवासा की धरती तक नहीं पहुंचेगा नर्मदा का पानी, तब तक नहीं थमेगा संघर्ष….

नहर में कलश का जल प्रवाहित कर ही होगा आंदोलन का समापन…

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया 

वर्षों से पानी की राह देख रहे खवासा क्षेत्र के किसानों और आमजन की उम्मीदों को अब आंदोलन की आवाज मिलने जा रही है। नर्मदा अथवा माही नदी की नहर का पानी खवासा क्षेत्र तक पहुंचाने की वर्षों पुरानी मांग अब केवल मांग बनकर नहीं रहेगी, बल्कि इसे जनआंदोलन में बदलने का बिगुल बज चुका है। आदिवासी सामाजिक संगठन जयस की खवासा क्षेत्रीय टीम ओर आदिवासी परिवार व खवासा नगर की जनता ने पानी के अधिकार के लिए निर्णायक संघर्ष का ऐलान कर दिया है।

इस संघर्ष की शुरुआत एक अनूठे संकल्प के साथ हुई है। जयस की टीम नर्मदा डेम पहुंची, जहां से मां नर्मदा का जल कलश में भरकर खवासा तक पानी लाने का संकल्प लिया गया। यह कलश अब महज जल का पात्र नहीं, बल्कि खवासा क्षेत्र की प्यास, किसानों की उम्मीद और वर्षों से अधूरे पड़े सपनों का प्रतीक बन गया है।

16 नवंबर को इसी संकल्प के साथ महाआंदोलन का शंखनाद होगा।

क्षेत्रवासियों ने साफ शब्दों में ऐलान किया है कि जब तक नर्मदा का पानी खवासा क्षेत्र की धरती तक नहीं पहुंचता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संघर्ष की समाप्ति भी एक विशेष संकल्प के साथ होगी। जिस दिन नर्मदा का पानी खवासा पहुंचेगा, उसी दिन नर्मदा डेम से लाए गए कलश के जल को नहर में प्रवाहित कर मां नर्मदा के जल का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद ही महाआंदोलन का समापन होगा।

अब आश्वासन नहीं, क्षेत्र को चाहिए पानी…

खवासा क्षेत्र में वर्षों से किसान सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। पानी के अभाव में खेती प्रभावित होती है और ग्रामीणों को भी पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नर्मदा अथवा माही नदी की नहर का पानी क्षेत्र तक पहुंचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है।

आंदोलन की तैयारियों में जुटे सामाजिक कार्यकर्ता…

महाआंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मनोहर बारिया, ईश्वरलाल गरवाल, शैतान सिंगाड़ सहित समस्त सामाजिक साथियों ने अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर जनसमर्थन जुटाने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

कलश में जल नहीं, खवासा की उम्मीदें हैं….

नर्मदा डेम से भरा गया कलश अब 16 नवंबर को शुरू होने वाले आंदोलन की पहचान बनेगा। इस कलश के साथ एक ऐसा संकल्प जुड़ा है, जिसकी मंजिल खवासा क्षेत्र के खेतों तक पानी पहुंचाना है।

मनोहर बारिया का कहना है कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक लाभ या व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य, किसानों की खुशहाली और आमजन के जल अधिकार के लिए है। अब क्षेत्र की जनता अपनी इस मांग को लेकर संगठित होकर आवाज बुलंद करने की तैयारी में है।

अब सवाल यह है कि वर्षों से पानी की मांग कर रहे खवासा क्षेत्र को आखिर कब तक इंतजार करना पड़ेगा..? क्या शासन-प्रशासन इस आवाज को गंभीरता से लेकर नर्मदा या माही नहर का पानी क्षेत्र तक पहुंचाने की ठोस पहल करेगा…!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!