हरीनगर में हर्षोल्लास से मनाया गया देव झूल उत्सव, भगवान के डोले के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु….

हरीनगर@मुकेश परमार
भाद्रपद शुक्ल की परिवर्तनी एकादशी के पावन अवसर पर हरी नगर में देव झूलनी डोल ग्यारस का पर्व बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया।इस अवसर पर हरी नगर के कृष्ण मंदिर पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तजनों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण और बाल गोपाल का विशेष श्रृंगार कर उन्हें फूलों से सजी पालकी में विराजमान किया गया। ढोल-नगाड़ों और “जय श्री कृष्णा, जय श्री राधे” के जयकारों के साथ भगवान कृष्ण का डोला नगर के प्रमुख मार्गों से निकाला गया। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों और गुलाल से डोले का स्वागत किया। इस यात्रा में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने डीजे की धुन पर भजन गाते और नृत्य करते हुए भाग लिया। शाम को भगवान का डोला भोलेनाथ मंदिर होते हुए पास के जलाशय पर पहुंचा। जहां परंपरा अनुसार भगवान श्रीकृष्ण को नदी के जल से स्नान कराकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद महाआरती का आयोजन किया गया। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को खिचड़ी, पंचामृत और बालम ककड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तजन और ग्रामीणजन मौजूद रहे।