झाबुआ
लोन दिलाने के नाम पर 25 हजार रुपये की वसूली का आरोप, पैसे मांगने पर धमकी देने की शिकायत, बामनिया पुलिस के बुलावे के बावजूद चौकी नहीं पहुंच रहा रामेश्वर माली…..

झाबुआ डेस्क। लोन दिलाने के नाम पर कथित रूप से 25 हजार रुपये लेने और लोन नहीं होने पर राशि वापस मांगने पर धमकी देने का मामला सामने आया है। फरियादी पप्पू वसुनिया ने रामेश्वर पिता गोबा माली निवासी झकनावद के खिलाफ बामनिया पुलिस चौकी में शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पप्पू वसुनिया ने 11 नवंबर 2026 को बामनिया पुलिस चौकी पर दिए गए आवेदन में बताया कि रामेश्वर माली ने फिनोवा बैंक से लोन दिलाने के नाम पर उनसे करीब 25 हजार रुपये लिए थे। लेकिन संबंधित बैंक से उनका लोन नहीं हो पाया। इसके बाद पप्पू वसुनिया ने पेटलावद में बामनिया रोड स्थित एमएस बैंक से नवीन नामक व्यक्ति के माध्यम से लोन प्राप्त किया।
फरियादी का आरोप है कि जब उन्होंने रामेश्वर माली से अपनी दी हुई राशि वापस मांगी तो वह पैसे लौटाने के बजाय इसे अपना कमीशन बताने लगा। इतना ही नहीं, पप्पू वसुनिया के अनुसार रामेश्वर ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि वह उन पर 10 हजार रुपये चोरी करने और मोबाइल चुराने का आरोप लगा देगा। फरियादी का कहना है कि इस तरह उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है और उनकी राशि वापस नहीं की जा रही है।
पुलिस के बुलावे के बावजूद चौकी नहीं पहुंचने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, आवेदन मिलने के बाद बामनिया चौकी प्रभारी सुशील भयड़िया द्वारा रामेश्वर माली को कई बार फोन कर चौकी पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया। लेकिन वह कभी व्यस्तता तो कभी अन्य कारण बताकर आने में टालमटोल कर रहा है। वकील के माध्यम से फोन करवा के दो दिन में चौकी पहुंचकर चर्चा करवाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद रामेश्वर माली अब तक चौकी नहीं पहुंचा।
आखिर 25 हजार रुपये का हिसाब कौन देगा
पप्पू वसुनिया का सवाल है कि जब उनका लोन किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से दूसरी बैंक में हुआ है, तो रामेश्वर माली किस आधार पर 25 हजार रुपये अपने पास रखे हुए है? यदि लोन प्रक्रिया में कोई वास्तविक खर्च हुआ है तो उसका स्पष्ट हिसाब क्यों नहीं दिया जा रहा…?
अब देखना यह होगा कि बामनिया पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और शिकायतकर्ता को उसकी राशि वापस मिल पाती है या नहीं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पेटलावद और थांदला क्षेत्र में और भी इस प्रकार के लोन की राशि ली जा चुकी है।





