झाबुआ
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान एवं जनजातीय गौरव को किया नमन,,,जनजातीय गौरव दिवस पर झाबुआ में भव्य रैली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन….

झाबुआ@आयुष पाटीदार
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस जिले में उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, जिलाध्यक्ष भानु भूरिया एवं पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कविता सिंगार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर निकाली गई भव्य रैली…
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सर्वप्रथम महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात राजवाड़ा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित जनजातीय नृत्य दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके पश्चात पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ रैली निकाली गई, जो मुख्य कार्यक्रम स्थल सांदीपनी मैदान पहुंची।

पारंपरिक साफा, झूलड़ी एवं तीर-कमान भेंट कर अतिथियों का स्वागत…
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया का जनजातीय परंपरा के अनुसार पारंपरिक साफा पहनाकर, झूलड़ी एवं तीर-कमान भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का भी पारंपरिक साफा पहनाकर एवं झूलड़ी ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ…
मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने दोनों के उद्बोधन को सुना।

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष को किया जीवंत..
कार्यक्रम में प्राथमिक आश्रम शाला परवट के विद्यार्थियों द्वारा जल, जंगल एवं जमीन के संरक्षण का संदेश देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई। इसी क्रम में पीएम श्री शासकीय कन्या शाला की बालिकाओं द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। वहीं शासकीय हाई स्कूल ढेकलबड़ी के विद्यार्थियों ने पारंपरिक जनजातीय गीतों के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करने वाले दलों को पुरस्कार राशि देने की घोषणा की…
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल, जमीन, समाज और जनजातीय संस्कृति की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके संघर्ष एवं बलिदान की गाथा को आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है। विशेषकर युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज के महानायकों के जीवन एवं योगदान से परिचित कराना चाहिए।





