मेघनगर
अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए निस्वार्थ सेवा जरूरी : राजमोहन,,,,एचएएल के सीएसआर फंड से बनने वाले डॉरमेट्री भवन का भूमि पूजन, 40 विद्यार्थियों के लिए पहले से संचालित है छात्रावास….

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
ग्राम बड़ा घोंसलिया स्थित सेवा भारती मालवा प्रांत के जनजातीय सशक्तिकरण केंद्र में एचएएल (हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड) के सीएसआर फंड से बनने वाले नवीन डॉरमेट्री भवन का भूमि पूजन किया गया। सेवा भारती मालवा प्रांत के अध्यक्ष रवि भाटिया ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। कार्यक्रम ने मुख्य रूप से प्रांत प्रचारक राजमोहन उपस्थित रहे। उन्होंने भूमिपूजन में शामिल लोगों को संबोधित किया और कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए निस्वार्थ सेवा भाव से कार्य करना जरूरी है। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और स्वावलंबन से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। वहीं, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एचएएल के डीजीएम नितिन भुजबल ने सेवा भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीएसआर फंड से बनने वाला भवन विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में एचएएल के स्वतंत्र निदेशक राकेश भावसार, सेवा भारती के प्रांत सचिव स्वप्निल परख्या, उपाध्यक्ष विनोद बिरला, बलवंत हाड़ा, सोहन सिंह परमार, जिलाध्यक्ष हरिओम पाटीदार और प्रकल्प समन्वयक दिनेश चाकणकर सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
40 बालकों को मिल रही निःशुल्क आवास सुविधा..
बड़ा घोंसलिया स्थित केंद्र में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। यहां झाबुआ जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के 40 बालकों के लिए निःशुल्क छात्रावास संचालित है। परिसर में 20 देसी गायों की गौशाला के साथ जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा स्वास्थ्य जागरूकता, महिलाओं के स्वास्थ्य और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।





