रायपुरिया

बैंड-बाजे के साथ निकला तुलसी मैया और भगवान शालिग्राम का बनोला, मंगल गीतों पर झूमीं महिलाएं,,,,बेटी की तरह निभाई गईं विवाह की सभी रस्में, धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी विवाह….

रायपुरिया@राजेश राठौड़

देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर रायपुरिया में भगवान शालिग्राम और तुलसी मैया का विवाह हर्षोल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। श्रीराम मंदिर परिसर में सुबह से ही मातृशक्ति द्वारा विवाह की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। इस दौरान तुलसी मैया का विवाह अपनी बेटी की तरह पूरे रीति-रिवाज और परंपराओं के साथ संपन्न कराया गया।

विवाह समारोह की शुरुआत गणेश पूजन के साथ हुई। इसके बाद तुलसी मैया को बाने बैठाकर हल्दी की रस्म निभाई गई। विवाह के लिए गन्ने का मंडप सजाया गया। शाम को बैंड-बाजे के साथ तुलसी मैया और भगवान शालिग्राम का आकर्षक बनोला निकाला गया। बग्गी में तुलसी मैया एवं भगवान शालिग्राम को सुसज्जित कर विराजित किया गया। बनोले में शामिल महिलाएं भजनों और मंगल गीतों पर थिरकती हुई चल रही थीं।

विवाह की परंपरा के अनुसार सीचौनी, दहेज स्वरूप पांच चांदी की रकम, पांच बर्तन एवं गादी सहित अन्य रस्में निभाई गईं। इसके बाद कन्यादान की रस्म के साथ तुलसी मैया और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया गया।

पंडित जितेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि सनातन धर्म में भगवान शालिग्राम और तुलसी मैया के विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। देवउठनी ग्यारस पर तुलसी विवाह के बाद ही मांगलिक विवाह समारोहों की शुरुआत मानी जाती है।

पूरे आयोजन में महिलाओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला। मंगल गीतों और भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो घर की अपनी बेटी का विवाह हो रहा हो। महिलाओं ने सभी रस्में पूरे प्रेम और पारिवारिक भाव के साथ निभाईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!