मेघनगर

वनेश्वर मारुति कुटीर में भव्य अन्नकूट महोत्सव संपन्न, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,,,56 भोग के साथ हुई महाआरती, महाकाल एवं गणेश महिला मंडल की भजन प्रस्तुतियों पर झूमे श्रद्धालु….

मेघनगर@मुकेश सोलंकी

नगर के समीप फुटतालाब ग्राम स्थित वनेश्वर मारुति कुटीर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित इस महोत्सव में नगर सहित जिले के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। विद्वान पंडितों द्वारा श्री हनुमान जी, भोलेनाथ, मां अम्बा, लक्ष्मी जी, गणेश जी, सरस्वती जी एवं सांवरिया सेठ का फलों के रस एवं अमृत से अभिषेक कर स्नान कराया गया। इसके पश्चात सभी देवी-देवताओं का आकर्षक श्रृंगार कर 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।

दोपहर 12 बजे मंदिर के महंत दिलीप दास जी, टाट वाले बाबा एवं समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन परिवार द्वारा विधिवत महाआरती की गई। इसके पश्चात साधु-संतों, बालिकाओं एवं ब्राह्मणजनों का सम्मान कर उन्हें दक्षिणा भेंट की गई।

महाआरती के पश्चात महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन हुआ। इस दौरान नगर के महाकाल महिला मंडल एवं गणेश महिला मंडल की महिलाओं ने शानदार भजनों की प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “छम-छम नाचे वीर हनुमाना”, “गोकुल की हर गली कान्हा को ढूंढती है” एवं “तूने मुझे बुलाया शेरावाली” जैसे भजनों पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भी भक्ति में सराबोर नजर आए।

अन्नकूट महोत्सव एवं भंडारे में नगर सहित जिले के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महाप्रसादी का लाभ लिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते देर रात तक भंडारे का क्रम चलता रहा।

अंत में मंदिर के महंत दिलीप दास जी, समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन (पप्पू भैया), राजेश रिंकू जैन, श्रीमती सीमा जैन एवं जैकी जैन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, भक्तों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!