खवासा

खवासा में गंदगी का अंबार, सफाई व्यवस्था लाचार,,,,जिम्मेदारों की आंखों पर पट्टी,,,नगर बड़ा, सफाईकर्मी मात्र दो… फिर कैसे चमकेगा खवासा…?

खवासा@आनंदीलाल सिसोदिया/आयुष पाटीदार

स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण बेहद जरूरी है, लेकिन जब सफाई व्यवस्था ही दम तोड़ने लगे तो आमजन के स्वास्थ्य पर खतरा मंडराना स्वाभाविक है। कुछ ऐसे ही हालात इन दिनों खवासा में देखने को मिल रहे हैं, जहां ग्राम पंचायत की लचर सफाई व्यवस्था के चलते जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। वार्डों में नियमित सफाई नहीं होने और नालियों की समय पर सफाई नहीं किए जाने से गंदा पानी जमा हो रहा है। इसके चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का भय भी लोगों को सताने लगा है।

नगर बड़ा, सफाईकर्मी मात्र दो, कैसे सुधरेगी व्यवस्था…?

खवासा जैसे बड़े नगर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा महज दो सफाई कर्मचारियों पर होना भी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इतने बड़े क्षेत्र में केवल दो कर्मचारियों के भरोसे नियमित सफाई संभव नहीं हो पा रही है। जगह-जगह कचरा, गंदगी से भरी नालियां और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था पंचायत के स्वच्छता संबंधी दावों की हकीकत बयां कर रही है।

आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार?

नगर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय पत्रकारों द्वारा समय-समय पर खबरों के माध्यम से जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराया जाता रहा है, लेकिन इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं होना समझ से परे है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुखिया और पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल पंचायत भवन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि नगर की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना भी उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। मामला सफाई व्यवस्था का हो, जाम नालियों का, सार्वजनिक शौचालय का या नवीन दुकानों की नीलामी का, कई समस्याएं लंबे समय से चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

उच्च अधिकारियों से व्यवस्था सुधारने की मांग

लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था से परेशान आमजन अब जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि नगर में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए, जाम नालियों की सफाई कराई जाए और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। , ताकि खवासा को गंदगी से मुक्ति मिल सके और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल पाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!