Welcome to Jhabua Hulchul
Click to listen highlighted text!
Welcome to Jhabua Hulchul
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ… के जयकारों के बीच खवासा नगर में 11 दिवसीय गणेश उत्सव का भव्य समापन हुआ। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर नगर के विभिन्न गणेश मंडलों के साथ-साथ घरों में विराजित गणेश प्रतिमाओं का भी श्रद्धा और उत्साह के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान नगर में जगह-जगह निकले विसर्जन चल समारोह आकर्षण का केंद्र रहे।
गणेश उत्सव के दौरान नगर के गली-मोहल्लों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं के समक्ष प्रतिदिन आरती, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक में गणेश उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
नीम चौक मित्र मंडल ने एक दिन पहले निकाला चल समारोह…
अनंत चतुर्दशी के एक दिन पूर्व नीम चौक मित्र मंडल द्वारा धूमधाम से विसर्जन चल समारोह निकाला गया। बैंड-बाजे की धुन पर युवक-युवतियां और महिलाएं जमकर थिरकते नजर आए। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर गुलाल उड़ाया और गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
दिन में कई मंडलों ने निकाली विसर्जन यात्रा…
अनंत चतुर्दशी के दिन ढारिया मोहल्ला, गणेश चौक, तलाई मोहल्ला, गोपाल कॉलोनी सहित अन्य गणेश मंडलों द्वारा दिन में विसर्जन चल समारोह निकाला गया। बैंड-बाजे की धुन पर युवक, महिलाएं और बच्चे उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
हनुमान चौक मित्र मंडल का जुलूस रहा आकर्षण का केंद्र
वहीं हनुमान चौक मित्र मंडल द्वारा रात्रि में भव्य विसर्जन चल समारोह निकाला गया। इसमें उज्जैन की शाही सवारी की टीम की तर्ज पर नगर के युवा एक जैसी वेशभूषा में डमरू-झांझर बजाते हुए शामिल हुए। युवाओं की यह प्रस्तुति विसर्जन चल समारोह में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। डीजे और ढोल-धमाकों के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और नाचते-झूमते हुए बप्पा को विदाई दी।
भेरू चौक मित्र मंडल द्वारा शाम के समय बैंड-बाजे की धुन पर नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए विसर्जन चल समारोह निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
घरों में विराजे बप्पा को भी दी भावपूर्ण विदाई
नगर में सार्वजनिक गणेश पंडालों के अलावा जिन परिवारों ने अपने घरों में गणेश प्रतिमाएं विराजित की थीं, उन्होंने भी विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ बप्पा को विदाई दी। परिवार के सदस्य गणेश प्रतिमाओं को लेकर ढोल-बाजे और जयकारों के साथ नगर के आसपास स्थित तालाबों एवं अन्य विसर्जन स्थलों पर पहुंचे। भक्तिमय माहौल के बीच गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
विसर्जन स्थलों पर पुलिस प्रशासन की रही निगरानी
गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था की गई। विसर्जन स्थलों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखी गई, ताकि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
11 दिनों तक चले गणेश उत्सव के दौरान नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी और अगले वर्ष फिर से धूमधाम के साथ गणपति के आगमन की कामना की।
Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!