झाबुआ डेस्क। जिले में मतांतरण के बाद मूल धर्म और परंपराओं में लौटने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 27 नवंबर को झाबुआ जिले के कल्याणपुरा खंड के ग्राम सेमलिया देदला में घर वापसी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पांच लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया।
कार्यक्रम हिंदू जागरण मंच जिला झाबुआ के जिला सह-संयोजक राजेश पणदा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान सहयोगी मारकुश गणावा एवं देदला निवासी दीवान डामोर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धार्मिक विधि-विधान के साथ पांचों लोगों की घर वापसी कराई गई।
पिछले दिनों 27 लोगों की हुई थी घर वापसी
गौरतलब है कि जिले में घर वापसी का यह पहला मामला नहीं है। मेघनगर विकासखंड के मांडली गांव में छह परिवारों के कुल 27 लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाया था। हिंदू जागरण मंच की ओर से आयोजित उस कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन और देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की गई थी।
ग्रामीणों के हवाले से बताया गया था कि कुछ परिवारों ने करीब सात वर्ष पहले ईसाई धर्म अपनाया था, जबकि कुछ परिवारों का जुड़ाव इससे पहले से था। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से दोबारा जुड़ने की इच्छा जताते हुए परिवारों ने अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया था। अब सेमलिया देदला में पांच लोगों की घर वापसी के साथ जिले में इस तरह के कार्यक्रम फिर चर्चा में हैं।
अभियान के तहत 250 लोगों की घर वापसी का लक्ष्य
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों के अनुसार, जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत करीब 250 लोगों की घर वापसी कराने की योजना है। इसी अभियान के क्रम में शुक्रवार को सेमलिया देदला में पांच लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया। इससे पहले मांडली गांव में छह परिवारों के 27 लोगों की घर वापसी कराई गई थी।
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!