मेघनगर
मुक्तिधाम तक सड़क के लिए वसुनिया परिवार देगा जमीन,,,पूनमचंद वसुनिया की घोषणा के बाद जमीन की नपती पूरी, शीघ्र तैयार होगा सड़क का एस्टीमेट…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
मुक्तिधाम जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण अभियान के तहत बिजासन माता मंदिर से मुक्तिधाम तक सड़क निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद श्री पूनमचंद वसुनिया एवं वसुनिया परिवार ने सड़क निर्माण के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
मुक्तिधाम के विकास को लेकर भाजपा जिला महामंत्री श्री गौरव खंडेलवाल एवं नगर परिषद अध्यक्ष श्री कमलेश मचार के साथ हुई चर्चा के दौरान सड़क निर्माण की आवश्यकता पर विचार हुआ। इस अवसर पर श्री पूनमचंद वसुनिया ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए उनके परिवार की जमीन आवश्यक होने पर वे जमीन उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।
घोषणा के बाद प्रस्तावित मार्ग का मौका निरीक्षण किया गया तथा आज नगर परिषद अध्यक्ष श्री कमलेश मचार, श्री पूनमचंद वसुनिया एवं टीम की मौजूदगी में जमीन की नपती का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया। अब आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सड़क का एस्टीमेट तैयार कराया जाएगा। इसके बाद जनसहयोग, नगर परिषद, सांसद निधि अथवा अन्य उपलब्ध निधियों के माध्यम से सड़क निर्माण को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री श्री गौरव खंडेलवाल, नगर परिषद अध्यक्ष श्री कमलेश मचार, पार्षद श्री पूनमचंद वसुनिया, वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद श्री अजय डामोर, एल्डरमैन श्री वेदप्रकाश सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुक्तिधाम के विकास के लिए जमीन उपलब्ध कराने की घोषणा एवं सहयोग हेतु पूनमचंद वसुनिया एवं समस्त वसुनिया परिवार का विशेष आभार व्यक्त किया गया। साथ ही इस कार्य को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए भाजपा जिला महामंत्री श्री गौरव खंडेलवाल एवं नगर परिषद अध्यक्ष श्री कमलेश मचार का भी नागरिकों ने आभार माना।





