मेघनगर
मेघनगर में बहेगी आस्था, भक्ति और धर्म की त्रिवेणी,,5 से 19 जनवरी तक होगा श्रीमद्भागवत कथा एवं श्रीराम कथा महोत्सव, धर्म ध्वजा स्थापना के साथ तैयारियों का शुभारंभ..

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
करीब 28 साल बाद एक बार फिर मेघनगर में आस्था, भक्ति और अध्यात्म की त्रिवेणी बहने जा रही है। संत शिरोमणि महंत डॉ. राधे बाबा निर्मोही के सानिध्य में 5 जनवरी से 19 जनवरी 2027 तक श्रीमद्भागवत कथा एवं श्रीराम कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। 15 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके बाद श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा के साथ प्रभु श्रीराम की पावन कथा का श्रवण करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को रामदल अखाड़ा में श्री मुखवाणी संत शिरोमणि महंत डॉ. राधे बाबा निर्मोही के सानिध्य में मंडी प्रांगण स्थित सभा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। पूजन के पश्चात आयोजन स्थल पर धर्म ध्वजा स्थापित की गई। धर्म ध्वजा स्थापना के साथ ही धार्मिक महोत्सव की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। महंत डॉ. राधे बाबा निर्मोही ने समिति सदस्यों के साथ आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। साथ ही कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन समिति द्वारा कथा स्थल, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जनवरी में होने वाला यह धार्मिक महोत्सव मेघनगर सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और अध्यात्म का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।





