झाबुआ

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिलेवासियों को दी दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं,,,,दीपावली का पर्व जिले में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली का प्रकाश फैलाए,,,,कलेक्टर डॉ. भरसट….

झाबुआ@आयुष पाटीदार

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने प्रकाश, उमंग एवं उल्लास के पावन पर्व दीपावली के अवसर पर समस्त जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की है कि दीपावली का यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं खुशहाली लेकर आए तथा जिले के विकास, प्रगति एवं समृद्धि को नई दिशा प्रदान करे।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीपों और रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे, सहयोग एवं सामाजिक एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब त्योहार की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचें।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे दीपावली के इस शुभ अवसर पर जरूरतमंद, वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ भी खुशियां साझा करें। स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, स्व-सहायता समूहों एवं पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करते हुए स्वदेशी एवं स्थानीय वस्तुओं की खरीदारी करें, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और अधिक से अधिक परिवारों के जीवन में समृद्धि का प्रकाश पहुंचे।

उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित एवं स्वच्छ दीपावली मनाने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान स्वच्छता एवं सार्वजनिक सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। आतिशबाजी के दौरान बच्चों, बुजुर्गों एवं आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि झाबुआ जिला अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग एवं सामूहिक सहभागिता के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। दीपावली का यह पर्व हम सभी को एकजुट होकर जिले को स्वच्छ, सुरक्षित, समृद्ध एवं विकसित बनाने के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने पुनः समस्त जिलेवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि मां लक्ष्मी एवं भगवान श्रीगणेश की कृपा से प्रत्येक घर में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली का वास हो तथा झाबुआ जिला निरंतर विकास और उन्नति के पथ पर अग्रसर रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!